देवरिया। यूपी में सरकारी नौकरी (Government Job) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने प्रदेश में नई शिक्षक और अनुदेशक भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान किया है। राज्य में जल्द ही 21 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस संबंध में विभागीय स्तर पर तैयारी भी शुरू हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद (Basic Education Council) के अंतर्गत नगरीय क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए 10 हजार नए शिक्षक पदों का अधियाचन भेजा जा चुका है। इसके साथ ही अनुदेशक (Instructor) भर्ती प्रक्रिया को भी जोड़ा जाएगा।

भर्ती को लेकर सीएम ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि- “बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षा आयोग (Education Commission) का गठन किया गया है, जो शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है। सरकार का लक्ष्य स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और खाली पदों को जल्द भरना है”। उन्होंने कहा कि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए अनुदेशक भर्ती भी जल्द शुरू की जाएगी। इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।