देवरिया। बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बड़े उलटफेर का गवाह बना। मुख्यमंत्री नीतीशकुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद अब राज्य में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की ओर से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और उनके मुख्यमंत्री बनने की तस्वीर लगभग तय मानी जा रही है।

कैबिनेट भंग, राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

दिन की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद की अहम बैठक बुलाई, जिसमें कैबिनेट भंग करने की सिफारिश की गई। इसके बाद नीतिश कुमार लोक भवन पहुंचे और राज्यपाल Syed Ata Hasnain को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफे से पहले भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात की, जिससे सियासी हलचल और तेज हो गई थी। इस घटनाक्रम के बाद यह साफ हो गया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन अब तय है।

बीजेपी ने सम्राट चौधरी पर जताया भरोसा

इस्तीफे के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी ने विधायक दल की बैठक बुलाई। 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते भाजपा ने सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को अपना नेता चुना। केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने इस फैसले की घोषणा करते हुए बताया कि सभी विधायकों ने एकमत होकर सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति दी है। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में भी उनके नाम पर मुहर लग गई।

आज होगा शपथ ग्रहण, नई कैबिनेट भी बनेगी

तारापुर विधानसभा सीट से विधायक सम्राट चौधऱी बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ नई कैबिनेट के सदस्य भी शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि नई सरकार में भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं को जगह दी जाएगी।

नीतीश कुमार बोले- मिलता रहेगा मार्गदर्शन

एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है और अब नई सरकार का गठन होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार को उनका पूरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।

सम्राट चौधरी ने किया ट्विट

सम्राट चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा –“भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।

जय बिहार, जय भारत!