देवरिया। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में आंधी-तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहा एक निर्माणाधीन पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा लालपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां मोराकंदर और मवाईजार को जोड़ने के लिए पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया।

आंधी-तूफान के दौरान गिरा पुल

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात इलाके में तेज आंधी और तूफान आया था। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल (Hamirpur Bridge Collapse) का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

रेस्क्यू में जुटी SDRF और पुलिस

SDRF  पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। हमीरपुर के ASP Arvind Kumar Verma ने बताया कि रात करीब 2 बजे पुल का स्लैब गिरने की सूचना मिली थी।  उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए भारी मशीनों और रेस्क्यू टीम की मदद ली जा रही है।

मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका

प्रशासन का कहना है कि अभी भी कई मजदूरों के फंसे होने की संभावना है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। बताया जा रहा है कि इस पुल परियोजना को राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद (Baburam Nishad) के प्रयासों से मंजूरी मिली थी। पुल का निर्माण उनके पैतृक गांव मोरकंदर परसानी के पास किया जा रहा था।

हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। वहीं सरकार की ओर से घटना की जांच के संकेत भी दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें- उर्दू शायरी के उस्ताद बशीर बद्र का निधन, 91 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा