देवरिया। गृह युद्ध से जूझ रहे सूडान में फंसे भारतीय नागरिकों को सकुशल स्वदेश वापस लाने के लिए सरकार ‘ऑपरेशन कावेरी’ चला रही है। जानकारी के मुताबिक अब तक 1100 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है। 360 भारतीयों को लेकर पहली उड़ान दिल्ली और 128 लोगों को लेकर दूसरी उड़ान मुंबई लौट चुकी है। वापस आए नागरिकों ने ‘जय हिन्द’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। एक बुजुर्ग महिला ने कहा हमारा देश महान है, प्रधानमंत्री मोदी की उम्र 1000 साल हो। युद्ध में फंसे भारतीयों के चेहरे पर अपने देश लौटने की खुशी साफ झलक रही है।

अपने नागरिकों को घर लाने की कोशिश
सूडान में छिड़े गृह युद्द में अब तक वहां के सैकड़ों नागरिकों की जान जा चुकी है। वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित भारत लाने के लिए सरकार ने ‘ऑपरेशन कावेरी’ चलाया है, जिसके तहत लगातार भारतीयों को वहां से निकालने की कोशिश की जा रही है। बचे भारतीयों को भी जल्द से जल्द निकाल लिया जाएगा। सूडान में करीब 3 हजार भारतीय थे। जिनमें से ज्यादातर भारतीय राजधानी खारतूम में फंसे हुए थे।

भारत अपनों की वापसी का स्वागत करता है: एस जयशंकर
सूडान में फंसे भारतीयों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात से बात कर सहयोग मांगा था। भारतीयों को लेकर पहली फ्लाइट के भारत पहुंचने पर उन्होंने ट्वीट कर भारतीयों का स्वागत किया और लिखा- “भारत, अपनों की वापसी का स्वागत करता है। ऑपरेशन कावेरी 360 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया है, पहली उड़ान नई दिल्ली पहुंच गई है।” इस ट्वीट के साथ उन्होंने सूडान से लौटे भारतीयों की तस्वीरें भी साझा की हैं। उन्होंने एक और जत्थे के पहुंचने की तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें लोग हाथ में तिरंगा लिए खुश नजर आ रहे हैं।

सऊदी अरब के रास्ते लाए जा रहे भारत
भारत के ऑपरेशन कावेरी में सऊदी अरब मदद कर रहा है। सूडान से भारतीय नागरिकों को सउदी अरब के शहर जेद्दाह में भेज दिया गया है। यहां दो बड़े सैन्य परिवहन विमान और एक नौ-सैनिक जहाज को सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए आपातकाल के लिए तैयार रखा गया है। भारतीय अधिकारी सूडान में अलग-अलग जगह फंसे भारतीयों को निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। सूडान पोर्ट में फंसे सभी भारतीय सऊदी अरब भेजे जा चुके हैं।

एयरपोर्ट पर उतरते ही लोगों ने लगाए नारे
सूडान में स्थिति काफी खराब है। वहां फंसे लोगों ने लौटते ही अपने अनुभव बताएं कि कैसे वहां उन्होंने बिना पानी, बिना बिजली के रात बिताई। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि उन्हें लग रहा था कि अब वो अपनी आखिरी सांसे गिन रहे हैं, वहां से निकलना नामुमकिन लग रहा था। ऐसे में अपने देश सुरक्षित लौटने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एयरपोर्ट पर ही सूडान से लौटे भारतीयों ने ‘भारत माता की जय’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘इंडियन आर्मी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। जिंदा बचने की उम्मीद खो चुके भारतीयों ने भारत सरकार और आर्मी का दिल से धन्यवाद दिया।
सूडान में क्यों इतने खराब हैं हालात
सूडान में 2021 में हुए तख्तापलट के बाद दो जनरलों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसी लड़ाई के चलते पूरा सूडान हिंसा की चपेट में आ गया है और अब तक 400 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवा दी है, 4 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं और बहुत से घर और सार्वजनिक स्थानों को भी नुकसान हुआ है। संघर्ष की वजह से की स्थानों में बिजली-पानी नहीं है और कुछ शहरों में खाने की चीजों की भी कमी होने लगी है।