रविचंद्रन अश्विनरविचंद्रन अश्विन

देवरिया । भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में तीन विकेट अपने नाम किए। कंगारू विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी को बोल्ड करके अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 450 विकेट भी पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के नौवें गेंदबाज बने। उन्होंने सबसे तेज 450 टेस्ट विकेट लेने के मामले में दुनियाभर के दिग्गज गेंदबाजों को पछाड़ दिया है। अश्विन अब दूसरे सबसे तेज 450 टेस्ट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

अश्विन ने इस नागपुर टेस्ट से पहले तक 88 टेस्ट मैचों में 24.30 की औसत से 449 विकेट अपने नाम किए थे। अश्विन ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर एलेक्स कैरी को अपना 450वां शिकार बनाया। इस तरह अश्विन ने भारतीय टीम के ही पूर्व दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले का रिकॉर्ड तोड़े दिया है, जिन्होंने 93वें टेस्ट मैच में 450 विकेट हासिल किए थे। जबकि टेस्ट इतिहास में सबसे तेज 450 विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व दिग्गज मुथैया मुरलीधरन के नाम दर्ज है। मुरलीधरन ने अपने 80वें मैच में 450 विकेट पूरे कर लिए थे। अश्विन ने कुंबले को ही नहीं, बल्कि ग्लेन मैक्ग्रा, शेन वॉर्न और नाथन लियोन को भी इस रिकॉर्ड के मामले में कोसों पीछे छोड़ दिया है।

अश्विन का डबल धमाल

अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 450 या उससे ज्यादा विकेट लेने के साथ ही 3000 रन बनाने की दोहरी उपलब्धि हासिल करने वाले एशिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले और कोई दिग्गज ये कारनामा नहीं कर सका। कपिल देव के नाम टेस्ट क्रिकेट में 434 विकेट के साथ 5 हजार से ज्यादा टेस्ट रन दर्ज हैं। लेकिन 3000 टेस्ट रन के साथ 450 विकेट के आंकड़ों को छूने वाली स्पेशल उपलब्धि पहले एशियाई के रूप में अश्विन के नाम दर्ज हुई।

ऐसा रहा है टेस्ट में अबतक गेंद और बल्ले से प्रदर्शन

नागपुर टेस्ट की पहली पारी में अश्विन ने 42 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उनके नाम 89 टेस्ट की 167 पारियों में 452 विकेट हो गए हैं। वहीं इसी दौरान उन्होंने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 89 टेस्ट की 126 पारियों में 27.41 के औसत से 3043 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 450 विकेट लेने वाले गेंदबाज 

मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका)   –  80 टेस्ट मैच
आर अश्विन (भारत)   –  89 टेस्ट मैच
अनिल कुंबले (भारत)   –  93 टेस्ट मैच
ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया)   –  100 टेस्ट मैच
शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया)   –  101 टेस्ट मैच
नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया)   –  112 टेस्ट मैच