देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में वैश्विक निवेशक महाकुंभ ‘यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023’ का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रति उनका एक विशेष स्नेह है और यूपी के लोगों के प्रति उनकी एक विशेष जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी निवेशकों का यूपी में स्वागत करते हुए यहां आने के लिए धन्यवाद दिया। उत्तर प्रदेश की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय पर यूपी बीमारू राज्य कहलाता था, हर कोई यूपी से अपनी उम्मीदें छोड़ चुका था, लेकिन बीते 5-6 वर्षों में यूपी ने अपनी नई पहचान स्थापित कर ली है। अब यूपी अपनी गुड गर्वनेंस के लिए पहचाना जा रहा है। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे।

यूपी आज एक आशा, एक उम्मीद बन चुका है: पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बेहतर कानून व्यवस्था, शांति और स्थिरता से है। उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर की पहल के परिणाम नजर आ रहे हैं। बहुत जल्द यूपी देश के उस इकलौते राज्य के रूप में जाना जाएगा, जहां 5 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ यूपी में सरकारी सोच और अप्रोच में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लेकर सार्थक बदलाव आया है। आज यूपी एक आशा, एक उम्मीद बन चुका है। एक तरफ डबल इंजन सरकार का इरादा और दूसरी तरफ संभावनाओं से भरा उत्तर प्रदेश इससे बेहतर साझेदारी हो ही नहीं सकती। भारत की समृद्धि में दुनिया की समृद्धि निहित है।

यूपी में अनंत संभावनाएं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का हर नागरिक ज्यादा से ज्यादा विकास होते देखना चाहता है, वो अब भारत को जल्द से जल्द विकसित होते देखना चाहता है। ये जन आशाएं ही विकास के कार्यों में गति ला रही हैं। आज दुनिया की हर विश्वसनीय आवाज यह मानती है कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ती रहेगी। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण भारतीयों का खुद पर बढ़ता भरोसा है। आज भारत में सोशल, डिजिटल और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो काम हुआ है उसका बड़ा लाभ यूपी को भी मिला है। हमने दर्जनों पुराने कानूनों को खत्म किया है और आज भारत सही मायनों में स्पीड और स्केल के रास्ते पर चल पड़ा है। आज भारत के कुल मोबाइल उत्पादन में से 60 फीसदी से अधिक यूपी में होता है। देश के दो डिफेंस कॉरिडोर में से एक यूपी में है। यहां फिशरी, डेयरी और फूड प्रोसेसिंग को लेकर भी अनंत संभावनाएं हैं। देश के स्टार्ट-अप आंदोलन में भी यूपी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। भारत के उज्ज्वल भविष्य में दुनिया के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी निहित है।
एक नहीं, सभी जिलों में होगा निवेश: सीएम
राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने 5 वर्ष में अपने निर्यात को भी दोगुना किया है। आज प्रदेश बेहतरीन कानून व्यवस्था के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेशकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन सिंगल विंडो पोर्टल निवेश मित्र 33 विभागों की 406 सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इन्वेस्टर्स रिलेशनशिप मैनेजमेंट पोर्टल निवेशार्थी निवेशकों के जिज्ञासाओं के समाधान के साथ हर निवेशक के साथ उद्यमी मित्र की तैनाती करने का काम किया है। उत्तर प्रदेश के किसी एक जनपद में नहीं, बल्कि सभी 75 जनपदों में निवेश होने जा रहा है। UPGIS-2023 के माध्यम से प्रदेश में होने जा रहा रिकॉर्ड निवेश भारत की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। नए उत्तर प्रदेश में उत्कृष्ट कनेक्टिविटी से निवेश के नए द्वार खुले हैं। विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे, वाटर-वे और हवाई सेवाओं के विस्तार से राज्य की औद्योगिक विकास यात्रा को गति मिली है।
यूपी ने अपने नाम को सार्थक किया: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले कुछ समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी ने अपने नाम यानी अप को सार्थक किया है। यूपी मतलब स्वास्थ्य अप, शिक्षा अप, कौशल अप, निवेश अप ओर यूपी मतलब निवेश पर रिटर्न अप बन गया है।