देवरिया । भारतीय कुश्ती संघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह और कई कोचों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर दिग्गज पहलवान लगातार दूसरे दिन गुरुवार को जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्श कर रहे हैं। साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और दूसरे नामचीन खिलाड़ी कुश्ती महासंघ के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। इसको लेकर खेल मंत्रालय के अधिकारियों ने भी दिन में खिलाड़ियों से बातचीत की।
इसके बाद खिलाड़ियों ने मीडिया के सामने आकर अपनी नाराजगी फिर जाहिर की और कहा कि वह इस बैठक से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर शुक्रवार (20 जनवरी) तक अध्यक्ष इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ हम एफआईआर दर्ज करवाएंगे। इस सबके बीच अब खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहली बार मीडिया में आकर बयान दिया है। साथ ही वह आज रात में खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनेंगे। बताया जा रहा है कि अनुराग ठाकुर ने रात 10 बजे सभी खिलाड़ियों को अपने सरकारी आवास पर डिनर पर बुलाया है।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने उच्च स्तर पर मिले निर्देश को प्रमुखता देते हुए भाजपा सांसद बृजभूषण से बात की, लेकिन अभी तक कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष अपने तेवर में ही हैं। सूत्र बताते हैं गृहमंत्री अमित शाह ने भी मामले को संज्ञान में लिया है। केंद्रीय सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी कहा कि इस स्तर के आरोप के बाद महासंघ के अध्यक्ष को खुद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
पहलवानों का कहना था कि उनके साथ ठीक बर्ताव नहीं किया जाता है। आए-दिन पहलवानों से बदसलूकी की जा रही है। इसलिए WFI अध्यक्ष को पद से हटाया जाए, ताकि नए पहलवानों का भविष्य सुरक्षित हो सके। पहलवानों ने चेतावनी दी है कि जब तक बृजभूषण शरण सिंह का इस्तीफा नहीं हो जाता है, तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे। अधिकारियों से बातचीत के बाद ये पहलवान वापस धरना स्थल पर पहुंचे।
खिलाड़ियों के समर्थन में आईं खाप पंचायतें
खिलाड़ियों के समर्थन में हरियाणा की खाप पंचायतें दिल्ली कूच की तैयारी कर रही हैं। खापों ने सरकार को सीधे रूप से चुनौती दी है कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज हो और सरकार उनको तुरंत बर्खास्त करें। साथ ही खिलाड़ियों द्वारा लगाये आरोपों की सुप्रीम कोर्ट के जज से जांच करवाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। अगर सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो पूरे हरियाणा की खाप पंचायतें एकजुट होकर खिलाड़ियों की मांगों को मनवाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगी।
अब तक हुए पूरे मामले के बारे में …
- बुधवार (18 जनवरी) को बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक सहित करीब 30 पहलवान धरने पर बैठ गए। उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ को भंग करने की मांग की। पहलवानों ने कहा कि अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कई कोच ने खिलाड़ियों का शोषण किया है।
- खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद बृजभूषण शरण ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर आरोप सही साबित हुए तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा। उन्होंने खिलाड़ियों पर ट्रायल में भाग नहीं लेने के आरोप लगाए। हाल ही में बजरंग और साक्षी मुझसे मिलकर गए, तब कोई समस्या नहीं थी।
- खिलाड़ियों से मिलने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल भी पहुंचीं। उन्होंने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर कुश्ती संघ से जवाब मांगा। साथ ही उन्होंने खेल मंत्रालय को भी नोटिस भेजा। स्थानीय पुलिस से केस दर्ज करने की मांग की।
- गुरुवार को पहलवानों के समर्थन करने के लिए गीता और बबीता फोगाट के पिता महावीर फोगाट जंतर-मंतर पहुंचे।
- भाजपा नेता बबीता फोगाट दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के पास पहुंचीं। बजरंग पूनिया ने बताया की बबीता सरकार की तरफ से बातचीत करने के लिए आई हैं। वह मध्यस्थ के रूप में यहां आई हैं और पहलवान उनसे बातचीत करेंगे। इसके बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
- विनेश फोगाट ने हरियाणा कुश्ती संघ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हरियाणा में जो नया कुश्ती संघ बनाया गया है, उसमें भी बृजभूषण शरण सिंह जैसे लोग हैं। विनेश फोगाट के बाद पहलवान अंशु मलिका ने भी बृजभूषण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बृजभूषण खिलाड़ियों के होटल में रुकते थे और अपना कमरा खुला रखते थे।
- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी नेता वृंदा करात भी पहलवानों के प्रदर्शन में पहुंची हैं। हालांकि, उन्हें मंच पर नहीं चढ़ने दिया गया और उन्होंने पहलवानों से बातचीत की। बजरंग पूनिया पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनका प्रदर्शन किसी राजनीतिक दबाव में नहीं हो रहा है। वह कुश्ती की भलाई के लिए विरोध कर रहे हैं। उन्हें किसी राजनेता के समर्थन की जरूरत नहीं है।
- शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह का इस्तीफा मांगा। एनसीपी के राष्ट्रयी प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा “हमारे देश के लिए पदक जीतने वाली महिला पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के सभी गलत कामों के खिलाफ खुद के लिए न्याय मांगने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।”
- खेल मंत्रालय से बैठक के बाद बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। पहलवानों ने कहा कि वह कुश्ती संघ के अध्यक्ष का इस्तीफा लेकर रहेंगे। पहलवानों ने यह भी साफ कर दिया कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
- पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा, ”अगर शुक्रवार (20 जनवरी) तक फेडरेशन को बर्खास्त नहीं किया जाता है तो हम कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएंगे। साथ ही जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता है तब तक धरने पर बैठे रहेंगे।”