देवरिया: मध्यप्रदेश की उज्जैन लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का चैलेंज पूरा कर लिया है। सांसद ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए 32 किलोग्राम वजन कम कर लिया है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मंच पर सांसद से कहा था कि अगर वे अपना 1 किलो वजन घटाएंगे, तो वे उन्हें विकासकार्यों के लिए 1 हजार करोड़ रुपए देंगे। सांसद ने चुनौती स्वीकार की और 32 किलो वेट कम कर लिया है। गडकरी ने वादे के मुताबिक क्षेत्र के लिए 2300 करोड़ रुपए के विकासकार्यों की मंजूरी दी है।

मंच से मिला था चैलेंज
सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘फिट इंडिया’ का नारा दिया है। 6 महीने पहले केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी नेशनल हाईवे का शिलान्यास करने उज्जैन आए थे, तब मेरा वजन लगभग 130 किलो था। मैंने मंच से विकासकार्यों के लिए राशि की डिमांड की थी, तब उन्होंने एक किलो वजन कम करने पर 1 हजार करोड़ रुपए देने का वादा किया था। मोदी जी आपदा को अवसर में बदलने के लिए कहते हैं। ये मेरे लिए अवसर जैसा था। मैंने चुनौती स्वीकार करते हुए 32 किलो वजन कम कर लिया। मुझे देखकर गडकरी जी खुश हुए और पूछा कि कैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने 2300 करोड़ के विकासकार्यों को मंजूरी दे दी है।


अनिल फिरोजिया ने सुबह वॉक, एक्सरसाइज के साथ डाइट फॉलो करते हुए अपना वजन कम किया है।