देवरिया। ओडिशा के बालासोर जिले में कोरोमंडल एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई है। खबर मिलने तक हादसे में मरने वालों की संख्या 50 थी जबकी 350 लोगों के घायल होने की खबर है। ये हादसा बहानागा रेलवे स्टेशन के पास हुआ शुक्रवार की शाम को हुआ जब कोरोमंडल एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर के बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस के करीब 17 डिब्बे पटरी से उतर गए । सभी घायल यात्रियों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती किया गया है वहीं गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

हावड़ा से चेन्नई जा रही थी बालासोर एक्सप्रेस
दुर्घटनाग्रस्त कोरोमंडल सुपरफास्ट एक्सप्रेस हावड़ा से चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन शाम 6 बजकर 32 मिनट पर बालेश्वर से रवाना हुई थीट्रे और 7 बजककर 32 मिनट पर भद्रक रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी। लेकिन इससे पहले ही बहानागा स्टेशन के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। रेलवे की तरफ से हेल्प लाइन नंबर- 044-25354771, 044-25330952, 99033707465 जारी की गई है इस पर कॉल कर अपने परिजनों की जानकारी ले सकते हैं।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया
हादसे पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया और कहा- “ओडिशा में हुए ट्रेन हादसे की घटना से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।”



रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया ट्वीट
बालासोर रेल हादसे पर अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर कहा- “मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। भुवनेश्वर और कोलकाता से बचाव दल बुलाए गए हैं। एनडीआरएफ, राज्य सरकार की टीम और एयरफोर्स रेस्क्यू में लगे हुए हैं।” रेल मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का एलान किया है। मृतक के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।