देवरिया : टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आज अपना 29वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। बुमराह का जन्म गुजरात में सिख पंजाबी परिवार में 1993 में हुआ था। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में धारदार गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले जसप्रीत बुमराह का बचपन काफी संघर्षों में बीता है। बुमराह जब पांच साल के थे तभी उनके पिता का निधन हो गया था। जसप्रीत बुमराह की मां ने अकेले उन्हें पाला और इस लायक बनाया कि वो देश का प्रतिनिधत्व कर सकें। बुमराह की कहानी आपको अंदर तक तोड़कर रख देगी।
पापा की मौत के बाद आर्थिक स्थिति खराब थी
उन्होंने अपनी मां के साथ मुंबई इंडियंस के ऑफिशियल चैनल पर बातचीत के दौरान कहा था, ‘पापा की मौत के बाद हमारी आर्थिक स्थिति खराब थी। हम कुछ नहीं खरीद सकते थे। मेरे पास एक जोड़ी जूते और एक जोड़ी टी शर्ट थी। एक और जोड़ी खरीदने के मेरे पास पैसे नहीं थे। मैं उसे रोज धूलता था और रोज उसे ही पहनता था।’
नाइक के शो रूम का किस्सा
वहीं, पुराने दिनों को याद कर जसप्रीत बुमराह की मां की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह के लिए शूज लेने हम नाइक के शो रूम में गए थे, लेकिन उस वक्त मेरे पास पैसे नहीं थे कि मैं उन जूतों को अफोर्ड कर सकूं। मेरे बेटे ने वो जूते देखे और मुझसे कहा कि मां मैं एक दिन वो जूते जरूर खरीदूंगा। आज इसके पास ढेर सारे शूज हैं।’
ऐसा रहा है जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद अंतर्राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। आज वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में गिने जाते हैं। बुमराह अपनी खतरनाक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं, उनके आगे अच्छे अच्छे बल्लेबाज घबराते हैं। उन्होंने अबतक भारत के लिए 30 टेस्ट मैच, 72 वनडे और 60 टी-20 मैच खेले हैं। इन तीनों फॉर्मेट में क्रमश: 128, 121 और 70 विकेट इसके नाम हैं। जसप्रीत बुमराह चोटिल होने के चलते फिलहाल टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया को बूम-बूम बुमराह की कमी काफी ज्यादा खली थी।
