देवरिया। उमेश पाल हत्यकांड के आरोपी असद अहमद के साथ मारे गए एक और शूटर गुलाम की मां ने उसका शव लेने से इनकार कर दिया है। गुलाम की मां ने कहा कि वो उसका चेहरा भी नहीं देखना चाहतीं। गुलाम की मां और भाई ने उसके अंतिम संस्कार में भी शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है। गुरुवार को झांसी में हुई मुठभेड़ में अतीक अहमद के बेटे असद के साथ गुलाम को यूपी एसटीएफ ने ढेर कर दिया था।


मां ने कहा UP STF ने ठीक कहा
गुलाम की मां खुशनुदा ने कहा- “जितने भी गंदा काम करने वाले हैं वो जिंदगी भर याद रखेंगे। हमारे हिसाब से यूपी एसटिएफ ने गलत नहीं किया। तुमने किसी को मारकर गलत किया और जब तुम्हारे पास कोई आया तो हम उसको गलत कैसे कहें? मैं शव नहीं लूंगी। उसकी पत्नी का उसपर हक है, मैं उसे नहीं रोकूंगी। मैं अपनी जिम्मेदारी लेती हूं कि हम नहीं लेगें”।

पत्नी को दिया जा सकता है शव
मां और भाई के शव लेने से इनकार के बाद संभावना जताई जा रही है कि गुलाम का शव उसकी पत्नी और ससुराल वालों को सौंपा जाएगा और उन्हीं के द्वारा अंतिम संस्कार भी किया जाएगा। हालांकि अब तक पुलिस से किसी ने भी संपर्क नहीं किया है। गुरुवार को झांसी में हुए एनकाउंटर में मारे जान के बाद वहीं शव का पोस्टमार्टम किया गया था। 36 घंटे तक शव लेने कोई परिजन नहीं आता तो पुलिस के द्वारा ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।


असद अहमद का शव लेंगे परिजन
वहीं असद अहमद का पिता अतीक अहमद जेल में बंद है और मां शाईइस्ता परवीन फरार चल रही है। जिसके बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि असद का शव उसके सास-ससुर और मामा ले सकते हैं। झांसी से प्रयागराज लाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। अतीक ने बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कोर्ट से परमिशन मांगी थी लेकिन कोर्ट ने उसकी अपील खारिज कर दी। प्रयागराज में होने के बाद भी अतीक बेटे के जनाजे में शामिल नहीं हो पाएगा।