देवरिया। प्रयागराज में माघ मेले के दौरान मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गुरुवार आधी रात के बाद से ही गंगा और संगम तट पर श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। ब्रह्म मुहूर्त से लेकर पूरे दिन तक स्नान करने वालों की भारी भीड़ उमड़ी रही। सुबह 10 बजे तक 36 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम और गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। वहीं, शाम तक स्नान करने वालों की संख्या लगभग एक करोड़ तक पहुंच गई। श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों से प्रयागराज पहुंचे और पुण्य स्नान किया। – Makar sankranti
घाटों पर चाक चौबंंद व्यवस्था
माघ मेले के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। 800 हेक्टेयर में फैले मेला क्षेत्र को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 हजार से अधिक शौचालय, 3,500 से ज्यादा सफाईकर्मी, टेंट सिटी, ध्यान-योग केंद्र, बाइक टैक्सी और गोल्फ कार्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है।
CM योगी ने चढ़ाई खिचड़ी, दी शुभकामनाएं
इधर, मकर संक्रांति के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में खिचड़ी चढ़ाई। उन्होंने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की। सीएम ने एक्स पर लिखा-
“सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक सद्भाव और भगवान सूर्य की आराधना के पावन पर्व ‘मकर संक्रांति’ (खिचड़ी) की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जन-कल्याण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उत्कर्ष का प्रतीक यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का संचार करे, भगवान भास्कर से यही प्रार्थना है।”