देवरिया । आईपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है, जिसने न जाने कितने खिलाड़ियों की जिंदगी बदल कर रख दी। इसी कड़ी में आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान बने नीतीश राणा की किस्मत भी आईपीएल की वजह से चमकी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पहले मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए अपनी काबिलियत का परिचय दिया और अब वह केकेआर के स्टार खिलाड़ी बन गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार नीतीश राणा पढ़ने लिखने में कमजोर थे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने कप्तान का एक पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि परीक्षा में नकल करने के बावजूद वह फेल हो गए थे। दिलचस्प बात ये है कि दिल्ली के क्रिकेटर नीतीश राणा के पिता टीचर थे।
नीतीश राणा की दिलचस्प कहानी
नीतीश राणा ने वीडियो में बताया कि उनका मन पढ़ाई-लिखाई में नहीं लगता था और वो परीक्षा में चीटिंग करने के बावजूद फेल हो गए थे, हालांकि बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने कभी अपने पापा से मार नहीं खाई, लेकिन मम्मी ने कई बार उनकी पिटाई की। बता दें कि आईपीएल 2023 के शुरू होने से ठीक पहले केकेआर के रेगुलर कप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए थे, जिसके बाद फ्रेंचाईजी ने नीतीश को कप्तान बनाने का फैसला किया।
आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन अभी तक कुछ खास नहीं रहा है। नीतीश राणा की कप्तानी में टीम ने अब तक कुल 5 मैच खेले हैं जिसमें से 3 में उन्हें हार मिली है। इस बीच केकेआर ने इस सीजन का सबसे यादगार मैच दिया जब उनके खिलाड़ी रिंकू सिंह ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में 5 बॉल पर 5 छक्के जड़कर मुकाबला जिताया और सनसनी मचा दी। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए केकेआर को जीत की राह पर लौटना होगा।