देवरिया । इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद भी एमएस धोनी के लिए फैंस का प्यार कम नहीं हुआ है। 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहे देने वाले धोनी इन दिनों आईपीएल-2023 में जलवे बिखेर रहे हैं। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अक्सर खिलाड़ियों की कमाई में कमी आती है, लेकिन धोनी के साथ ऐसा नहीं हुआ है। उनकी कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। धोनी ने वित्त वर्ष 2022-23 में अपने राज्य झारखंड में सबसे ज्यादा टैक्स दिया है।
झारखंड में सबसे ज़्यादा टैक्स देने वाले व्यक्ति बने माही
आयकर विभाग के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी ने वित्त वर्ष 2022-23 में अपने राज्य झारखंड में सबसे ज़्याद टैक्स दिया है। उन्होंने इस वित्त वर्ष 38 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स दिया है। धोनी झारखंड में सबसे ज़्यादा टैक्स देने वाले व्यक्ति पहली बार बने हैं। इससे पहले, वित्त वर्ष 2021-22 में भी धोनी ने इतना ही एडवांस टैक्स दिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी की इस साल की नेटवर्थ 1030 करोड़ रुपए है। उनकी सालाना कमाई की बात करें तो धोनी एक साल में करीब 4 करोड़ रुपए कमाते हैं। ऐसे बहुत कम ही क्रिकेटर्स होते हैं, जिनकी कमाई में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इजाफा होता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी ने 2019-20 में 28 करोड़ रुपए एंडवांस टैक्स जमा किया था जो 2018-19 के बराबर ही था। वहीं 2017-18 वित्त वर्ष में धोनी ने 12.17 करोड़ और 2016-17 में 10.93 करोड़ रुपए एडवांस टैक्स के रूप में जमा किया था।
बता दें कि धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन इसके बाद भी धोनी ने बिजनेस की पिच पर शानदार प्रदर्शन किया है। इस साल आईपीएल 2023 के बाद धोनी क्रिकेट के इस फॉर्मेट से भी संन्यास ले सकते हैं। धोनी ने कई कंपनियों में निवेश किया है, जिसमें स्पोर्ट्स वेयर, होम इंटीरियर की कंपनी होमलेन, पुरानी कारों की खरीद-बिक्री करने वाली कंपनी कार्स 24, स्टार्टअप कंपनी खाता बुक, स्पोर्ट्स कंपनी रन एडम, क्रिकेट कोचिंग और ऑर्गेनिक फार्मिंग शामिल हैं। धोनी रांची में वह लगभग 43 एकड़ भूमि में ऑर्गेनिक फार्मिंग करवाते हैं।