देवरिया: बॉलीवुड फिल्मों का बुरा दौर चल रहा है। लोगों को न कहानी पसंद आ रही, न कॉन्सेप्ट। हाल ही में रिलीज हुई फिल्में लाल सिंह चड्डा और रक्षाबंधन दोनों ही बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई हैं। आमिर खान और करीना कपूर स्टारर लाल सिंह चड्ढा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। बॉलीवुड में त्योहारों पर रिलीज हुई फिल्में अक्सर अच्छा खासा बिजनेस करती हैं, लेकिन लाल सिंह चड्ढा के लिए ये फॉर्मूला भी काम नहीं आया। त्योहार पर रिलीज होने के बाद भी सिनेमा घर खाली ही दिखे। वहीं अक्षय कुमार की रक्षाबंधन से भी निर्माताओं को काफी उम्मीदें थी। बड़े समय के बाद भाई-बहन के रिश्ते पर फिल्म बनाई गई थी और रिलीज भी राखी पर हुई लेकिन ‘रक्षाबंधन’ ने भी दर्शकों को निराश ही किया।

लाल सिंह चड्ढा के फ्लॉप होने की वजह
लाल सिंह चड्ढा के फ्लॉप होने के पीछे सबसे बड़ी वजह अभिनेता आमिर खान और अभिनेत्री करीना कपूर से लोगों की नाराजगी रही। फिल्म के रिलीज होने के पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म के बायकॉट का ट्रेंड चल पड़ा। पहले भी ऐसी फिल्में आई हैं, जिन्हें दर्शकों ने रिलीज के पहले ही बायकॉट करने की अपील की थी लेकिन कंटेट अच्छा होने के चलते रिलीज के बाद वो फिल्में हिट हुईं। लाल सिंह चड्ढा के साथ वैसा नहीं हुआ जैसा कि आमिर की फिल्मों के साथ होता आ रहा है। शुरुआत से ही फिल्म की रफ्तार काफी धीमी रही और छुट्टी होने के बाद भी कलेक्शन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। दूसरी वजह आमिर और करीना की बयानबाजी हो सकती है। फिल्म स्टार से लोग खुद को कनेक्टेट फील करते हैं, ऐसे में करीना का कहना कि “मैं पब्लिक को फिल्म देखने नहीं बुलाती वो खुद फिल्म देखने आते हैं” कहीं ना कहीं लोगों को ठेस पहुंचा गया।

दर्शकों का दिल नहीं जीत पाई “रक्षाबंधन”
अक्षय कुमार की फिल्म रक्षाबंधन ने भी दर्शकों की उम्मीद तोड़ दी। फिल्म की स्टोरी 4 बहनों की शादी की जिम्मेदारी से दबे भाई और दहेज जैसे मुद्दे पर बनी है। ऐसी कहानियों पर आजकल टीवी सीरीयल बन रहे हैं। कुछ खास वर्ग के दर्शकों और महिलाओं को फिल्म की कहानी पसंद आई लेकिन उतना फिल्म के अच्छे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिए काफी साबित नहीं हो रहा। लगातार कमाई में फिल्म पिछड़ रही है।
बॉलीवुड में हो रही कंटेट की कमी और विवाद ज्यादा
बॉलीवुड की फिल्मों में अब अच्छे कंटेट की कमी दर्शकों को महसूस हो रही है। आज का दर्शक स्मार्ट बन चुका है। कौन सी फिल्म हॉलीवुड या साउथ की फिल्म की रिमेक है उन्हें तुरंत पता चल जाता है फिर दोनों फिल्मों का कंपेयर शुरू हो जाता है। बॉलीवुड को अच्छे कंटेंट पर फोकस करना होगा। इसके साथ ही लगभग हर फिल्म के साथ किसी ना किसी तरह विवाद का जुड़ा होना भी फिल्म पर बुरा असर डालता है। ऐसे में फिल्मी कलाकारों को भी विवादित बयान देना या फिल्मों में कोई भी ऐसे सीन देने से बचना चाहिए जिससे दर्शकों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।

दर्शकों को पसंद आ रही हैं साउथ की फिल्में
साउथ की फिल्मों में देखा जाए तो हर फिल्म में नए कंटेंट देखने को मिलते हैं। साथ ही उनकी कहानियां, उनका पहनावा सभी कल्चर से जुड़े हुए होते हैं। इन सब छोटी-छोटी बातों से दर्शक खुद को फिल्मों से कनेक्ट कर पाता है और फिल्मों में किसी प्रकार का विवाद होने की भी गुंजाइश नहीं रह जाती। शायद इन सब कारणों से ही अब बॉलीवुड के कलाकार भी साउथ की फिल्में करने से परहेज नहीं कर रहे। दर्शक भी साउथ की फिल्मों को ही ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बढ़िया कंटेंट, बढ़िया प्रेजेंटेशन दर्शकों को पसंद आ रहा है। दक्षिण की फिल्मों बाहुबली, केजीएफ, आरआरआर, पुष्पा: द राइज जैसी फिल्में पूरे भारत में तहलका मचा चुकी हैं। कई फिल्मों को काफी सराहा गया है।

दर्शकों के पास है ओटीटी का ऑप्शन
आज हर एक शख्स के पास मोबाइल फोन और इंटरनेट है। कोरोना काल से लोगों को ये भी समझ आ गया है कि फिल्में देखने सिनेमाघर जाना ही जरूरी नहीं है। इसलिए लोग फिल्मों को ओटीटी पर रिलीज होने का भी इंतजार करते हैं। इसके साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इतने वेब सीरीज, शॉर्ट फिल्म, बॉलीवुड, हॉलीवुड और साउथ फिल्मों की भरमार है, कि जब तक दर्शकों को दमदार एक्टिंग, इंट्रेस्टिंग कहानी और मजेदार कंटेट नहीं मिलेगा दर्शक सिनेमाघर नहीं जाएंगे।