देवरिया। भारत में गुरुवार सुबह एक बार फिर धरती कांप उठी। लद्दाख के लेह में तड़के आए भूकंप के झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, यह भूकंप सुबह 3 बजकर 54 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। भूकंप की गहराई लगभग 150 किलोमीटर दर्ज की गई। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
घरों से बाहर भागे लोग
भूकंप के समय ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए और घरों में रखी चीजें हिलने लगीं। पंखे डोलते नजर आए। जैसे ही लोगों को भूकंप का एहसास हुआ, वे तुरंत घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
ओडिशा में भी महसूस हुए थे झटके
इससे पहले बुधवार शाम को ओडिशा के कालाहांडी जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, यह भूकंप शाम 7 बजकर 42 मिनट पर आया था, जिसकी तीव्रता भी 4.1 थी। इसका केंद्र 24 किलोमीटर की गहराई में था। धर्मगढ़ा, जूनागढ़, कोकसारा, थुआमूल रामपुर और भवानीपटना समेत कई इलाकों में कुछ सेकंड तक कंपन महसूस किया गया। यहां भी किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली।
भूकंप के दौरान क्या करें?
- तेज झटके महसूस हों तो मजबूत टेबल या फर्नीचर के नीचे बैठ जाएं और सिर को ढक लें।
- हाई राइज बिल्डिंग में हैं तो झटके रुकने तक अंदर ही रहें।
- झटके थमने के बाद खुले स्थान पर जाएं और इमारतों से दूर रहें।
- लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, केवल सीढ़ियों का उपयोग करें।
- बिजली के खंभों, पेड़ों और फ्लाईओवर से दूर रहें।
- ड्राइविंग के दौरान भूकंप आए तो गाड़ी रोककर अंदर ही बैठे रहें।
- मलबे में फंसने की स्थिति में हिलने-डुलने से बचें।
- घर में हमेशा एक आपदा राहत किट तैयार रखें।
- गैस, बिजली और अन्य स्विच बंद कर दें।