देवरिया: शारदीय नवरात्रि में अलग ही रौनक देखने को मिलती है। इन नौ दिनों में पंडालों में भी माता की सेवा की जाती है, जिससे अलग ही भक्तिमय माहौल बन जाता है। ये नवरात्रि बच्चों और युवाओं के लिए भी बहुत खास होती है क्योंकि इस दौरान जगह-जगह गरबे का आयोजन किया जाता है। 9 दिन होने वाले गरबे में युवक-युवतियां अलग-अलग रंग- बिरंगे परिधानों में गरबा करने इकट्ठा होते हैं। इस बीच युवाओं के लिए ये समस्या भी होती है कि 9 दिन के लिए कैसे अलग-अलग ड्रेसअप होकर जाएं। हम आपके साथ कुछ आइडियाज शेयर कर रहे हैं, जो आपको इन दिनों सबसे अलग और अच्छा दिखने में मदद करेंगे।

पटियाला के साथ करें पहले दिन की शुरूआत
नवरात्रि के पहले दिन गरबे की शुरूआत होती है लेकिन शुरूआत होने के कारण रौनक कुछ कम होती है। इस दिन आप घेरदार पटियाला के साथ हेली कुर्ती वियर कर सकते हैं। साथ में अगर आपके पास गुजराती स्टाइल की कोटी हो तो उसे भी साथ कॉम्बिनेशन बनाएं। इस तरह से पटियाले को भी आप गरबे के लिए स्टाइल कर सकते हैं। साथ में पंजाबी स्टाइल की लंबी चोटी डाल सकती हैं। माथे पर बड़ी बिंदी और कानों में हैवी इयरिंग्स भी आप पहन सकती हैं।

दूसरे दिन के लिए अनारकली कुर्ती होगी परफेक्ट
दूसरे दिन आप खूब घेर वाली अनारकली कुर्ती पहन सकती हैं। घेरदार कुर्तियों में गरबा करते हुए हर कोई बहुत खूबसूरत लगता है। इन कुर्तियों को आप चूड़ीदार, पैंट्स या प्लाजो के साथ भी स्टाइल कर सकते हैं। साथ में खूब सारे बैंगल्स और अच्छी ज्वेलरी आपके लुक को कॉम्प्लीमेंट करेगी।

तीसरे दिन स्कर्ट के साथ टॉप या कुर्ती को करें स्टाइल
तीसरे दिन आप स्कर्ट पहन कर जा सकती हैं। स्कर्ट के साथ आप शर्ट, कोई अच्छा सा टॉप या नी लेंथ कुर्ती का कॉम्बिनेशन कर सकते हैं। स्कर्ट के साथ कुर्ती पहनने से आपको ट्रेडिशनल लुक मिलेगा, वहीं टॉप या शर्ट डालने से आपको इंडो-वेस्टर्न लुक मिल जाएगा। साथ में टॉप के हिसाब से ज्वेलरी जरूर पहनें।

चौथे दिन के लिए गरबे का ट्रैडिशनल लुक
चौथा दिन आते-आते गरबे का आयोजन शबाब पर होता है और गरबा करने वालों की अच्छी खासी भीड़ हो जाती है। ऐसे में गरबे के ट्रेडिशनल लुक के लिए ये दिन परफेक्ट होता है। इसके लिए आप पारंपरिक घाघरा चोली रेंट पर भी ले सकते हैं या अपने किसी पुराने लहंगे पर कसीदा और मिरर वर्क करवा कर भी तैयार करवा सकते हैं। साथ में हेवी ऑक्सीडाइस ज्वेलरी आपके लुक को परफेक्ट गुजराती लुक देने में मदद करेगी।

साड़ी से लहंगा तैयार कर पहनें पांचवें दिन
पांचवे दिन आप कोई भी डार्क कलर की कसीदे वाली या जरी वाली ब्राइट लुक की साड़ी ले लें और उसे किसी अच्छे घेरदार लहंगे के ऊपर चारों तरफ फैलकर टक करते जाएं। इससे आपकी साड़ी से ही आपको एक नया लहंगा मिल जाएगा। साथ में किसी कॉन्ट्रास्ट कलर की चुनरी लगाएं। साड़ी से बने लहंगे में काफी घेर होता है, ये आपको सबसे अलग और बेहतरीन लुक देगा।

छठवे दिन धोती स्टाइल पजामा से पाएं डिफरेंट लुक
छठवें दिन के लुक के लिए आपको चाहिए होगा धोती स्टाइल लका पजामा और एक ए लाइन कुर्ता या गुजराती स्टाइल का घेरदार कुर्ता। आजकल ऑनलाइन भी लड़कियों के लिए धोती स्टाइल कुर्ते के साथ टॉप के कई डिजाइन्स देखने को मिल जाते हैं। ये भी गरबे के लिए अच्छा पारंपरिक लुक देने में मदद करता है।

सातवें दिन पहनें गुजराती स्टाइल की साड़ी
सातवें दिन के लिए आप कोई भी हेवी वर्क वाली साड़ी को गुजराती स्टाइल में पहने सकते हैं और उसके ऊपर कमर पर एक अच्छा सा कमरबंध जरूर बांधें इससे आपकी साड़ी सिंपल भी होगी तो एक अच्छा लुक देगी । कमर पर कमरबंध बंधे होने से साड़ी भी टाइट लगेगी और गरबा करने में कोई डिस्टर्बेंस नहीं होगा।


आठवे दिन रिपीट करें ट्रेडिशनल लुक
आठवें दिन यानी अष्टमी को सबसे ज्यादा रौनक होती है इसलिए इस दिन आप फिर से गरबे का ट्रेडिशनल लुक रिपीट कर सकते हैं लेकिन इस बार लॉन्ग लहंगा नहीं पहन कर घुटने से कुछ नीचे तक का लहंगा पहनें ताकि पहले वाले ट्रेडिशनल लुक से इस बार का लुक कुछ अलग हो जाए। लहंगे के अंदर शॉर्ट्स पहनना ना भूलें ताकी गरबा करते वक्त किसी तरह की ऑकवर्डनेस न आए।

नौवें दिन ट्राय करें घेरदार प्लाजों के साथ कुर्ती
नौवें दिन आप घेरदार प्लाजो के साथ अच्छी सी कुर्ती को स्टाइल करें। चाहें तो कुर्ती और प्लाजो के साथ कॉम्बीनेशन करके अच्छा सा दुपट्टा भी ले सकते हैं। अपने लुक को हेवी लुक देने के लिए चूड़ियां और बड़े इयररिंग पहनना ना भूलें। हमें उम्मीद है कि इन स्टाइल टिप्स में से कुछ ना कुछ आपके काम आएगा और आप गरबे को अच्छी तरह एंजॉय करेंगे।