मनी लॉन्ड्रिंग के केस में जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो सामने आया है। तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन इस वीडियो में होटल का बढ़िया खाना और फल खाते नजर आ रहे हैं। इससे पहले लीक हुए सीसीटीवी फुटेज में वह मसाज कराते हुए दिखाई दिए थे। भारतीय जनता पार्टी ने ये वीडियो जारी किया है।

जेल नहीं रिसॉर्ट लग रहा: बीजेपी
सत्येंद्र जैन के करीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो को जारी करते हुए बीजेपी ने कहा की “यह जेल नहीं कोई रिसॉर्ट लग रहा है, केजरीवाल ने यह निश्चित कर दिया है कि है कि हवालाबाज को जेल में सजा नहीं मजा मिले”। वीडियो में एक व्यक्ति सत्येंद्र जैन को खाना परोसते भी दिखाई दे रहा है।


वजन घटने वाला दावा झूठा !
कोर्ट में हुई पेशी के दौरान सत्येंद्र जैन के वकील ने कोर्ट से कहा था कि जेल में उन्हें ना ठीक से खाना दिया जा रहा ना इलाज हो रहा है, जिसकी वजह से उनका वजन 28 किलो घट गया है। अब इस वीडियो के बाद यह बात सामने आ रही है कि जेल में रहने के दौरान जैन का वजन 28 किलो घटा नहीं है बल्कि 8 किलो बढ़ गया है।


कुछ दिनों पहले वायरल हुआ था मसाज कराते हुए वीडियो
अभी कुछ दिनों पहले ही सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो बैरक में ही मसाज कराते दिखाई दे रहे थे। उस वीडियो पर सफाई देते हुए आप ने कहा था कि मसाज नहीं फिजियो थेरेपी करवा रहे हैं। बाद में यह बात सामने आई थी कि मसाज करने वाला व्यक्ति कोई फिजियोथेरेपिस्ट नहीं बल्की नाबालिग से रेप का आरोपी है और उस पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।