देवरिया। देशभर में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पंजाब में एक सांसद का हार्ट अटैक से निधन हो गया। भारत जोड़ो यात्रा पंजाब पहुंची हुई है। यात्रा लुधियाना के पास पहुंची थी, जहां जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। सांसद के निधन का कारण दिल का दौरा बताया गया है।
अचानक हुई मौत के बाद रोकी गई यात्रा
अचानक ऐसी दुखद घटना के होने बाद ही यात्रा को तुरंत रोक दिया गया है। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के तमाम बड़े नेता सांसद के घर के लिए निकल गए। संतोख सिंह को अचानक हार्ट अटैक क्यों हुआ यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि ठंड की वजह से हृदय की गति बढ़ने से दिल का दौरा पड़ सकता है।
राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया
जिस समय सांसद संतोख सिंह को हार्ट अटैक आया वो राहुल गांधी के साथ ही भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे थे। सांसद के अचानक हुए निधन पर राहुल गांधी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा-“संतोख सिंह जमीन से जुड़े हुए मेहनती नेता थे, वो एक पवित्र व्यक्ति और कांग्रेस परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे जिन्होने युवा कांग्रेस से संसद सदस्य तक अपना जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं”
इधर ललित मोदी की बिगड़ी तबीयत
आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें ऑक्सीजन सर्पोर्ट पर रखा गया है। ललित मोदी को एक हफ्ते में दो बार कोरोना संक्रमण हो गया, साथ ही उन्हें निमोनिया की शिकायत भी हो गई है। ललित मोदी ने अपनी बीमारी के बारे में एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जानकारी दी।
फिल्मी सितारों और क्रिकेटर्स ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
ललित मोदी की तबीयत की जानकारी लगते ही की फिल्मी सितारों और क्रिकेटर्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। ललित मोदी के ही इंस्टाग्राम पोस्ट पर हरभजन सिंह ने जल्द स्वास्थ लाभ मिलने की दुआ की साथ ही राजीव सेन के कमेंट ने सबका ध्यान खींचा जिसमें उन्होंने लिखा था- “दुआ है आपको जल्द स्वास्थ लाभ मिले, बी स्ट्रॉन्ग”। आपको बता दें कि पिछले दिनों ललित मोदी और सुष्मिता सेन की रिश्ते की खबरें काफी चर्चे में थी। ललित मोदी ने खुद सुष्मिता सेन के साथ रिश्ते का ऐलान किया था।



