देवरिया। चीन में कोरोना की नई लहर से हालात बेकाबू हो गए हैं। संक्रमण इतनी तेजी से फैल रहा है कि हालत गंभीर होती जा रही है। अस्पतालों में मरीजों के लिए बेड नहीं बचे हैं। मर्च्युरी में लाशों की रखने की जगह नहीं है। यहां तक अंतिम संस्कार के लिए भी लंबी लाइन है। कुछ फोटो और वीडियोज सामने आए हैं, जिनमें हॉस्पिटल में मरीजों को जमीन पर भी लिटा कर भी इलाज करते देखा जा सकता है।
अलर्ट पर भारत
पड़ोसी देश में बेकाबू होती स्थिति को देखकर भारत सरकार भी अलर्ट हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने हाई लेवल मीटिंग की है। हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों को कोरोना का नया वैरियंट ट्रैक करने के लिए कोविड पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग करने का निर्देश दिया है।

सोशल मीडिया पर डराने वाले वीडियो
कोरोना के कहर से लगभग 2 साल जूझने के बाद चीन की वर्तमान स्थिति का वीडियो देख कर दूसरे देशों के लोगों को भी कोरोना के वापस आने का डर सताने लगा है। एक वीडियों में अस्पताल के भरे हुए बेड के साथ जमीन पर कराहते मरीज दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग चीन के वीडियोज शेयर करते हुए बाकी देशों को भी ऐतिहातन सावधान हो जाने की सलाह दे रहे हैं।
लाशों के लिए जगह की कमी, 24 घंटे हो रहा अंतिम संस्कार
कोरोना संक्रमण के चलते रोजाना हजारों मरीज दम तोड़ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है मौत का आंकड़ा हर घंटे बढ़ता ही जा रहा है। आने वाले महीनों में 80 करोड़ लोगों के संक्रमित होने की चेतावनी दी गई है।
नर्सिंग स्टाफ और ऑक्सीजन की भी कमी
संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने के चलते अस्पतालों में बेड के साथ-साथ नर्सिंग स्टाफ, दवाओं और ऑक्सिजन की भी कमी होने लगी है। चीन में कोरोना संक्रमण के फैलने की असल स्थिति को चीन लगातार छिपाने की कोशिश कर रहा है लेकिन वायरल हो रहे वीडियो कुछ और ही कहानी कह रहे हैं।
प्रतिबंधों को हटाना, वैक्सिनेशन का कम प्रतिशत बड़ी वजह
अचानक बढ़े संक्रमण की वजह पूरी तरह से हटाए गए प्रतिबंध और लोगों मे वैक्सिनेशन को लेकर जागरूक नहीं होना बताया जा रहा है।
आप भी रहें सतर्क-
. भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जानें से बचें।
. मास्क और सैनेटाइजर का प्रयोग करें।
. सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
. अच्छी डाइट लें और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं।