देवरिया। उत्तर प्रदेश में इस बार नवरात्र पर सरकार की तरफ से मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ और रामचरित मानस का आयोजन किया जाएगा। पूरे नौ दिन चलने वाले इस आयोजन के लिए सभी जिलों के जिलाधिकारियों और मंडलों के आयुक्तों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।


आयोजन के लिए हर जिले को 1-1 लाख रुपए
उत्तर प्रदेश सरकार ने नवरात्र पर होने वाले इस आयोजन के लिए सभी जिलों को 1-1 लाख रुपए की राशि आवंटित की है। इस बार मंदिरों में सरकारी खर्च पर होने वाले अखंड रामायण और दुर्गा सप्तशती के पाठ के साथ-साथ दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। इस बार चैत्र नवरात्र 22 मार्च से शुरू हो रहा है इसलिए जिलाधिकारियों और मंडल कमिश्नर्स को 21 मार्च तक सारी तैयारी पूरी कर लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।


कार्यक्रम के लिए मंदिरों को चिन्हित किया जा रहा है
कार्यक्रम के लिए पहले से ही मंदिरों के नाम, फोटो, मंदिर प्रबंधन निकायों की जानकारी और मंदिर के पते उपलब्ध कराने होंगे। कार्यक्रम से जुड़े फोटो और वीडियो भी संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए 2 नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग के प्रमुख मुकेश मेश्राम ने दिशा निर्देश दिए हैं।


महिलाओं और बालिकाओं की होगी खास सहभागिता
पूर नवरात्र चलने वाले इस आयोजन में अखंड रामायण पाठ और दुर्गा सप्तशती के पाठ के साथ-साथ, देवी गीत, झांकी और जागरण का आयोजन भी किया जाएगा। सरकार की तरफ से निर्देश है कि इस आयोजन में महिलाओं और बालिकाओं की विशेष रूप से सहभागिता हो। कार्यक्रमों के लिए महिला गायन मंडलियों को पहले महत्व दिया जाएगा।