देवरिया। वाराणसी के एक गांव भुसौला में बकरी चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव में रहने वाले एक शख्स की एक बकरी कुछ दिन पहले चोरी हो गई थी। बकरी के मालिक ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अचानक एक दिन उसकी बकरी खुद ही घर लौट आई, लेकिन बकरी का रंग रूप कुछ अलग लग रहा था। बकरी का रंग ही बदला हुआ था और बाल भी कटे हुए थे। मामले का खुलासा होने पर पूरे गांव वाले हैरान थे। जानते हैं क्या था पूरा माजरा।

पहचान छिपाने के लिए रंगा था
दरअसल बकरी की चोरी पड़ोस में रहने वाली महिला ने ही की थी। उसने बकरी की पहचान न हो, इसलिए बकरी के बाल काटकर उस पर हेयर डाई से रंग दिया था। साथ ही उसने कई दिनों तक बकरी को एक कमरे में बंद करके रखा ताकी बकरी अपने मालिक के पास न चली जाए, लेकिन एक दिन बकरी बाहर निकल गई और सीधे अपने असली मालिक के घर पहुंच गई। मालिक ने जब बकरी को उसके नाम से बुलाया तो वह सीधे मालिक के पास आ पहुंची। इसके बाद ही सारे मामले का खुलासा हुआ।

पहले पंचायत फिर थाने पहुंचा मामला
मामले का खुलासा होते ही बकरी मालिक चोरी करने वाली पड़ोसी महिला की शिकायत लेकर पंचायत पहुंचा। वहां पर महिला ने मामले से साफ इनकार कर दिया। पंचायत में कई दिनों तक लंबी-लंबी बहस चली, लेकिन किसी नतीजे तक नहीं पहुंची। इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलवाया, लेकिन बात थाने तक पहुंचता देख आरोपी महिला गांव से फरार हो गई। अपने आप में इस अनोखे मामले की चर्चा गांव से लेकर थाने तक हो रही है।