देवरिया : हिमालयी क्षेत्रों हो रहे हिमपात के कारण उत्तर भारत के राज्यों में जहां एक तरफ सर्दी बढ़ रही है तो वहीं दक्षिण के राज्यों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में हिमपात के साथ-साथ वर्षा तो दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं देश के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार जताए हैं।
वहीं, नॉर्थवेस्ट और सेंट्रल इंडिया के ज्यादातर हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान और निकोबार, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम गति की बारिश होगी, जबकि कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम गति की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले पांच दिनों तक देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं होने वाली है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री कम 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 331 दर्ज किया गया।
श्रीनगर में सर्द रात दर्ज
कश्मीर में पारा शून्य से नीचे गिरने के साथ ही श्रीनगर में इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में शनिवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अभी तक सबसे कम है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रात का तापमान इस मौसम के लिए सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर में से एक पहलगाम पर्यटक रिजॉर्ट में तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
वहीं, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में घाटी में प्रवेश के केंद्र काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में भी यह शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लद्दाख में लेह शहर में पारा शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था जबकि द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
