देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई दिन से घना कोहरा छाया हुआ है। आज शनिवार सुबह तो इतना ज्यादा कोहरा है कि 1 मीटर से ज्यादा दूर कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा है। इससे ठंड का असर और तेज हो गया। लोग घरों में कैद हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जिले का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत की संभावना नहीं है। कोहरा और ठंड दोनों बढ़ सकती है।

ठंड की वजह से लोग टहलने भी नहीं निकल रहे

ठंड की वजह से लोग सुबह टहलने भी नहीं निकल रहे हैं। जबकि सड़कों पर गाड़ियां हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर बहुत धीमी गति से चल रहे हैं। देवरिया-गोरखपुर रोड पर शुक्रवार रात से ही घने कोहरे की वजह से कई गाड़ियां 20 किमी प्रति घंटे से भी कम की रफ्तार में चल रही हैं। इससे देवरिया के लोगों को गोरखपुर पहुंचने में काफी वक्त लग रहा है। 

कोहरे की वजह से 5 ट्रेंनें निरस्त कर दी गईं

कोहरे की वजह से सिर्फ सड़कों की रफ्तार ही कम नहीं हुई। रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। 5 ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। बाकि ट्रेनें कोहरे की वजह से घंटों देरी से चल रही हैं। इससे यात्री घंटों की देरी से मंजिल पर पहुंच रहे हैं। ट्रेनें कैंसिल होने से कई यात्रियों को खासी मुश्किल हुई। कोहरे की वजह से ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला अभी कई दिन तक जारी रहेगा। 

अलाव के सहारे गुजर रही जिंदगी

जिनके घर हैं वे तो घरों में कैद हैं। गांवों में अलाव जल रहे हैं। लेकिन बेघरों की हालत और ज्यादा खराब है। रैन बसेरे इस हाल में नहीं हैं कि वे सबको शरण दे सकें। प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की है। बेघर बस इस अलाव के सहारे ही ठंड बिता रहे हैं। रात के सन्नाटे में जब हम घरों में दुबके रहते हैं, पारा और गिरता है। ठंड बहुत ज्यादा बढ़ जाती है।

बच्चे-बुजुर्गों का खास ख्याल रखें

ठंड के मौसम में जरा-सी लापरवाही भी सर्दी-जुकाम से लेकर हार्ट अटैक तक का कारण बन सकती है। इसलिए उम्र, काम और स्वास्थ्य की स्थिति के अनुसार कुछ जरूरी सावधानियाँ अपनाना बेहद जरूरी है।

1. सुबह-शाम पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें, खासकर सिर, कान, गर्दन और पैर ढककर रखें।

2. अदरक, हल्दी, लहसुन जैसी चीजें इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करती हैं।

3. ठंड में ज्यादा प्यास नहीं लगती। इसलिए पानी नहीं पीते। अपने वजन के हिसाब से पानी पीएं क्योंकि डिहाइड्रेशन का खतरा रहता है।

4. हर 20 किलो पर 1 लीटर पानी लें। यानी अगर आप 60 किलो के हैं तो कम से कम 3 लीटर पानी जरूर पीएं।

5. घरों में भी हमेशा जुराब पहन कर रहें। बच्चों और बुढ़ों को भी हमेशा जुराब पहनाएं।

6. हीटर या अलाव का इस्तेमाल करें, लेकिन हवादार जगह ज़रूर रखें ताकि दम घुटने या गैस जमने का खतरा न हो।

7. अस्थमा, हार्ट या डायबिटीज के मरीज नियमित दवा लेते रहें।

8. शारीरिक गतिविधि बंद न करें, सुबह बहुत ठंड हो तो धूप निकलने के बाद टहलें। हल्की एक्सरसाइज, योग या स्ट्रेचिंग शरीर को गर्म रखती है।

9. शराब पीकर ठंड से बचने की कोशिश न करें, यह शरीर को और नुकसान पहुंचा सकती है।

10. सुबह बहुत ठंड में अचानक नहाने से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है।

ये भी पढ़ें- ऐसी बीमारियों के साथ जन्मे जिसमें हड्डियां टूटती रहती हैं… हौसला ऐसा कि बन गए डॉक्टर-इंजीनियर