देवरिया। छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में हुई भाजपा की बड़ी जीत के एक हफ्ते बाद नए सीएम के रूप में विष्णु देव साय के नाम पर मुहर लग ही गई। भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्व सम्मति से विष्णु देव साय को सीएम के रूप में चुना गया। नाम की घोषणा होने के बाद विष्णु देव साय राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे। उन्होंने वहां सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें कैबिनेट गठन के लिए आमंत्रित किया है।
13 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण
छत्तीसगढ़ में शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को होगा। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में दो ऐसे नामों की भी चर्चा है जो डिप्टी सीएम बन सकते हैं पहला नाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और दूसरा नाम कवर्धा विधायक विजय शर्मा का है। वहीं पूर्ण सीएम रमन सिंह विधानसभा के अध्यक्ष होंगे।
सीएम बनने के बाद साय ने क्या कहा
छत्तीसगढ़ के सीएम बनते ही विष्णु देव साय ने कहा कि- “मोदी की गारंटी को पूरा करूंगा। उन्होंने अपने घोषणाओं में कहा कि सबसे पहले काम 18 लाख आवास देने का करूंगा। इसके साथ ही 2 साल का बकाया बोनस 25 दिसंबर को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी ईमानदारी के साथ सबके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा और मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे पूरे किए जाएंगे।”
जानिए कौन हैं विष्णु देव साय
विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के आदिवासी समाज से ताल्लुक रखते हैं और कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। साय चार बार सांसद दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और दो बार प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। साल 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया था। विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के यूडी मिंज को 25 हजार 541 वोटों के बड़े अंतर से हराया है।
साय का अब तक का राजनीतिक करियर
साय पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेहद करीबी भी माने जाते हैं। साय को संघ के करीबी नेताओं में गिना जाता है। 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया था। विष्णु देव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय रामप्रसाद साय किसान थे। उनकी माता का नाम जसमनी देवी है। साय का विवाह 27 मई, 1991 में कौशल्या साय से हुआ। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। साय के राजनीतिक कैरियर की शुरुआत अपने गांव बगिया से ही निर्विरोध सरपंच चुने जाने के साथ हुई थी। साय ने 1990 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल । इसके बाद 1999 में उन्होंने पहला लोकसभा का चुनाव लड़ा और फिर जीत गए। इसके बाद 2004, 2009, 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ा और सांसद बने। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें इस्पात और खनन मंत्रालय का दायित्व सौंपा गया। इसके साथ ही विष्णु देव साय 2 बार, 2006 और 2011 में छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
छत्तीसगढ़ को आदिवासी बाहुल्य प्रदेश माना जाता है और विष्णु देव साय एक मजबूत आदिवासी नेता हैं। अजीत जोगी के बाद विष्णु देव साय दूसरे आदिवासी समुदाय से होंगे जो छत्तीसगढ़ के सीएम का पद fmसंभाल रहे हैं।