देवरिया।वाराणसी के बास्केटबॉल खिलाड़ी विशेष भृगुवंशी ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। विशेष को एक बार फिर भारतीय बास्केटबॉल टीम का कैप्टन चुना गया है। विशेष अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्लेयर हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। विशेष एक ट्रेनिंग कैंप अटेंड करने चेन्नई गई हुए थे, वहीं ट्रेनिंग के दौरान उन्हें कप्तान घोषित किया गया।
सीरिया में होने वाला है टूर्नामेंट
भारतीय बास्केटबॉल टीम विशेष भृगुवंशी की कप्तानी में सीरिया में होने वाले फीबा ओलंपिक प्री क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट में खेलगी। इस टूर्नामेंट में कजाकिस्तान, सऊदी अरब, सीरिया, बहरीन और इंडोनेशिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट में क्वॉलिफाई होने वाली टीम 2023 बास्केटबॉल विश्वकप के लिए क्वॉलिफाई करेगी। बास्केबॉल वर्ल्डकप का आयोजन फिलीपिंस, इंडोनेशिया और जापान में संयुक्त रूप से किया जाएगा।
सबसे कम उम्र के कप्तान हैं विशेष भृगुवंशी
वाराणसी के अर्दली बाजार के रहने वाले विशेष भृगुवंशी यूपी के रहने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं,जो एशियाई खेलों 2010, 2014, सैफ गेम्स, एशिया कप, एशियन बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं में कप्तानी कर चुके हैं। विशेष सबसे कम उम्र में बास्केटबॉल टीम के कैप्टन बनने वाले खिलाड़ी हैं। उन्हें सबसे पहले साल 2010 में टीम कैप्टन चुना गया था, जब उनकी उम्र महज 19 साल थी। लेखिका निरुपमा यादव ने उनके जीवन पर एक बुक भी लिखी है जिसका नाम है “विशेष: कोड टी विन”। विशेष भृगुवंशी पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्हें अतंर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल के प्रतिष्ठित एनबीएल में भी खेलने का मौका मिल चुका है।