देवरिया। उत्तर प्रदेश के बहराइच में हाल ही में हुई हिंसा के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। हिंसा और आगजनी की घटनाओं के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए SSP और SP रैंक के अधिकारी फील्ड में तैनात किए गए हैं। ADG अमिताभ यश खुद भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और पिस्टल लेकर भीड़ को खदेड़ते नजर आए।
इंटरनेट सेवाएं बंद
इस पूरे इलाके में साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने कई संपत्तियों, जिनमें दोपहिया वाहनों के शोरूम भी शामिल हैं, को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। हिंसा दुर्गा विसर्जन में हुई झड़प के बाद हुई थी।
क्या है पूरा मामला?
हिंसा की शुरुआत रविवार शाम को हुई जब बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के महसी इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने मुस्लिम इलाके से गुजरते समय संगीत बंद करने की मांग की। इसी को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई और इसके बाद पथराव भी शुरू हो गया। इस झड़प में हालात तब और बिगड़ गए जब गोलियां चलीं और एक स्थानीय युवक राम गोपाल मिश्रा को गोली लग गई। राम गोपाल मिश्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और कई जगह हिंसा हुई, जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए हैं।