देवरिया। ओलंपिक में भारत जिस सातवें मेडल की उम्मीद किए इंतजार कर रहा था अब वो उम्मीद भी टूट गई हैं। विनेश फोगाट की सिल्वर मेडल के लिए की गई अपील को खेल पंचाट ने ठुकरा दिया है। अब विनेश को कोई मेडल नहीं मिलेगा। भारत ने 6 मेडल के साथ अपना पेरिस ओलंपिक पूरा किया और फैसला आने तक भारतीय खेल प्रेमियों को सातवां मेडल आन की भी उम्मीद थी।

CAS ने रद्द की याचिका
विनेश फोगाट ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट यानी CAS के सामने याचिका की थी कि उन्हें सिल्वर मेडल दिया जाए। याचिका रद्द होने पर भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने कहा- ‘पहलवान विनेश फोगाट की युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के खिलाफ दायर अपील पर खेल पंचाट के एकमात्र पंच के फैसले से स्तब्ध और निराश हूं। पेरिस ओलंपिक खेलों में महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग में साझा रजत पदक दिए जाने के विनेश के आवेदन को खारिज करने वाले 14 अगस्त के फैसले का प्रभावी हिस्सा विशेष रूप से उनके लिए और बड़े पैमाने पर खेल समुदाय के लिए महत्वपूर्ण है।’


विनेश की तरफ से किसने दायर की थी याचिका
याचिका दायर करने में फ्रांसीसी वकील जोएल मोनलुइस, एस्टेले इवानोवा, हैबिन एस्टेले किम और चार्ल्स एमसन ने विनेश की मदद की। भारत के वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने भी इस मामले में अपना सहयोग दिया था। फ्रांसीसी वकील पेरिस बार की तरफ से निशुल्क उपलब्ध कराए गए थे।