देवरिया। जल प्रबंधन और जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ग्रामीण इलाकों में घर-घर तक नल कनेक्शन पहुंचाने और जल संरक्षण के क्षेत्र में शानदार काम के लिए उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में देश में दूसरा स्थान मिला हुआ है।

नई दिल्ली में राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
सम्मान समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था। पांचवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तर प्रदेश को इस सम्मान से नवाजा। उत्तर प्रदेश की ओर से नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव और आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में उड़ीसा को पहला स्थान मिला, जबकि गुजरात और पुडुचेरी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान दिया गया। उत्तर प्रदेश को जल संरक्षण और प्रबंधन में किए गए अभिनव कार्यों के लिए यह पुरस्कार मिला है।

राष्ट्रपति और जल शक्ति मंत्री ने की सराहना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जल संरक्षण और घर-घर तक नल से जल पहुंचाने के कामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। इसके अलावा, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने भी उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड और विन्ध्य क्षेत्र में नल कनेक्शन पहुंचाने की भी तारीफ की।


सीएम योगी ने किया ट्विट
प्रदेश को मिले इस सम्मान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को बधाई दी, उन्होंने लिखा- “राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा नई दिल्ली में 5 वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के तहत सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को द्वितीय स्थान तथा जनपद बांद को बेस्ट डिस्ट्रिक्ट नॉर्थ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में ‘जल शक्ति’ की दिशा में अनेक अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जल संरक्षण, प्रबंधन और जनसहभागिता को प्राथमिकता देने का ही प्रतिफल है। प्रदेश वासियों एवं जल संरक्षण व संवर्धन के इस पवित्र कार्य में संलग्न सभी जन को हार्दिक बधाई।”