देवरिया। अयोध्या में इस साल के दीपोत्सव के लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। अयोध्याधाम को सजाने का काम तेजी से हो रहा है। दीपोत्सव की खूबसूरती दो किलोमीटर के दायरे तक दिखाई देगी। रामपथ और धर्मपथ जैसे प्रमुख मार्गों पर भव्य लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, रामायण युग का अनुभव दिलाने के लिए एंट्रेंस गेट भी बनाए जा रहे हैं। राम की पैड़ी पर सीता, लक्ष्मण और राम के नाम से विशेष द्वार का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। 25 अक्टूबर तक अयोध्याधाम को पूरी तरह सजाने का लक्ष्य रखा गया है।
भव्य लाइटिंग और एंट्रेंस गेट
रामपथ और धर्मपथ पर करीब दो किलोमीटर से ज्यादा क्षेत्र में भव्य लाइटिंग की व्यवस्था हो रही है। डेकोरेटिव वॉल और आर्टिफिशियल लाइटिंग से पिलर्स को सजाया जा रहा है। इसके अलावा, रामकथा से जुड़े लगभग 30 प्रवेश तोरण द्वार बनाए जाएंगे, जो धर्मपथ से रामकथा पार्क तक दिखेंगे। इन द्वारों पर रामकथा के दृश्य बनाए जाएंगे। सरयू के पुराने पुल पर आतिशबाजी की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
दीपोत्सव में 18 झांकियों की प्रस्तुति
इस साल दीपोत्सव में 18 विशेष झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी। सूचना और पर्यटन विभाग की ओर से झांकियों को तैयार करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 30 अक्टूबर को साकेत महाविद्यालय में रामायण काल के प्रसंगों को मंचित करने के लिए इन झांकियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें 11 झांकियां सूचना विभाग और 7 पर्यटन विभाग की ओर से तैयार की जा रही हैं। ये झांकियां न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक संदेश भी देंगी।
विदेशी रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम
दीपोत्सव में छह देशों की रामलीला का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही साकेत महाविद्यालय में बन रही झांकियों पर कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। विभिन्न प्रदेशों से आए करीब 600 कलाकार अपनी लोक संस्कृतियों की झलक पेश करेंगे।
राम की पैड़ी का आकर्षण
दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी को सजाने का काम अंतिम चरण में है। यहां 15,000 लोगों की क्षमता वाली दर्शक दीर्घा बनकर तैयार हो चुकी है। राम की पैड़ी का मुख्य आकर्षण श्रीराम, सीता और लक्ष्मण द्वार होगा। द्वार की दीवारों पर 250 वर्ग मीटर क्षेत्र में रामकथा के दृश्य उकेरे गए हैं। सरयू घाटों पर आरती की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं और वहां मंच बनाया जा रहा है।
ऑनलाइन दीपदान और घर पहुंचेगा प्रसाद
अयोध्या विकास प्राधिकरण ने दीपोत्सव-2024 के अवसर पर “एक दीया प्रभु श्री राम के नाम” नामक कार्यक्रम शुरू किया है। 30 अक्टूबर को दीपोत्सव का आयोजन होना है और लाखों श्रद्धालु इस पर्व में शामिल होंगे। जो लोग इस आयोजन में नहीं आ सकते, वे ऑनलाइन दीपदान कर सकते हैं और इस महापर्व का हिस्सा बन सकते हैं। श्रद्धालुओं को प्रसाद घर पर भेजा जाएगा जिसे उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा तैयार किया जाएगा।
श्रद्धालु “दिव्य अयोध्या डॉट कॉम” लिंक पर जाकर दान कर सकते हैं और इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं।