देवरिया। भारत की पैरा आर्चर शीतल देवी ने पेरिस पैरालंपिक में इतिहास रचते हुए शानदार प्रदर्शन किया। आर्चरी के क्वालिफिकेशन राउंड में उन्होंने 703 अंक हासिल कर न सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, बल्कि एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना लिया है। शीतल ने पहले राउंड में 59, 59, 58, 56, 59, 57 का स्कोर किया, जबकि दूसरे हाफ में उन्होंने 60, 57, 60, 59, 60, 59 का स्कोर दर्ज किया। शीतल का अगला लक्ष्य भारत के लिए पैरालंपिक में गोल्ड जीतने का है।
बिना हाथों के किया शानदार प्रदर्शन
16 साल की शीतल देवी, जो बिना हाथों के तीरंदाजी करती हैं, ने वुमंस इंडिविजुअल कंपाउंड आर्चरी के क्वालीफिकेशन में संभावित 720 में से 703 अंक हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने 698 अंकों का पूर्व विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि, उनका यह रिकॉर्ड अधिक समय तक कायम नहीं रह सका, क्योंकि तुर्की की क्यूरी गिर्डी ने एक अंक अधिक हासिल कर शीतल का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
31 अगस्त को अगला मुकाबला
शीतल देवी ने ओवरऑल रैंकिंग राउंड में दूसरा स्थान हासिल किया है। अब उनका क्वार्टर फाइनल मैच 31 अगस्त को रात लगभग 9 बजे होगा। इस इवेंट में भारत की सरिता भी हिस्सा ले रही हैं, जिन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड में 682 अंक हासिल कर 9वां स्थान पाया। सरिता शुक्रवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए मुकाबला खेलेंगी।