देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 16 अक्टूबर को केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग हुई। इस दिवाली से पहले हुई मीटिंग में कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की। सरकार ने यह तय किया है कि मौजूदा 50% बेसिक सैलरी/पेंशन पर यह अतिरिक्त DA दिया जाएगा।कब से लागू होगा महंगाई भत्ता ?बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को जानकारी दी कि महंगाई भत्ते (DA) का यह फायदा 1 जुलाई, 2024 से लागू होगा। इस फैसले से सरकारी खजाने पर साल का 9,448.35 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। इसका लाभ 49.18 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और 64.89 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। यह वृद्धि 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित तय फार्मूले के अनुसार की गई है। इससे पहले, मार्च में भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA में चार प्रतिशत की वृद्धि की गई थी ताकि महंगाई का असर कम किया जा सके।

वाराणसी को भी मिला तोहफा

बैठक में वाराणसी के लिए भी एक तोहफा है। मंत्रिमंडल ने वाराणसी-पंडित दीनदयाल उपाध्याय मल्टी ट्रैकिंग प्रोजेक्ट के निर्माण को भी मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के तहत गंगा नदी पर एक नया रेल-सड़क पुल बनाया जाएगा, जो उत्तरी, पूर्वी और पश्चिमी राज्यों को आपस में जोड़ेगा। इस प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत लगभग 2,642 करोड़ रुपये है और इसे चार सालों में पूरा किया जाएगा। इस योजना से भारतीय रेल नेटवर्क में 30 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी।