देवरिया। सोमवार को लोकसभा का सत्र काफी हंगामेदार रहा। सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि- “ये लोग हिंदू नहीं हैं क्योंकि 24 घंटे की हिंसा की बात करते हैं।” राहुल गांधी ने बीजेपी पर देश में हिंसा, नफरत तथा डर फैलाने का आरोप लगाया। उनके इस बयान पर बीजेपी में खासा आक्रोश दिखा और उन्होंने इसका खुलकर विरोध भी किया।
राहुल गांधी ने क्या कहा
राहुल गांधी ने कहा- “हिंदू कभी हिंसा नहीं कर सकता, कभी नफरत और डर नहीं फैला सकता। ये लोग हिंदू नहीं हैं क्योंकि 24 घंटे हिंसा की बात करते हैं। नरेंद्र मोदी पूरा हिंदू समाज नहीं हैं। भाजपा पूरा हिंदू समाज नहीं है। आरएसएस पूरा हिंदू समाज नहीं है। ये ठेका भाजपा का नहीं है।” राहुल गांधी ने सदन में भगवान शिव की तस्वीर दिखाई और कहा कि- “शंकर भगवान से सच, साहस और अहिंसा की प्रेरणा मिलती है। उनका कहना था, भगवान शिव कहते हैं कि डरो मत, डराओ मत। उन्होंने भगवान शिव की ‘अभय मुद्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मुद्रा का उल्लेख इस्लाम, सिख, ईसाई, बौद्ध और जैन, सभी धर्मों में हैं।”
पीएम मोदी और अमित शाह ने हस्तक्षेप कर जताई आपत्ति
राहुल गांधी के इस बयान पर सदन में जोरदार हंगमा हुआ। सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी के इस बयान परकड़ी आपत्ती जताई। पीएम मोदी ने भी बीच में हस्तक्षेप करते हुए कहा- “पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना ठीक नहीं है।” वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि- “नेता विपक्ष ने कहा है कि जो अपने आपको हिंदू कहते हैं वो हिंसा करते हैं। इनको मालूम नहीं है कि करोड़ों लोग अपने आप को गर्व से हिंदू को कहते हैं, क्या वो सभी लोग हिंसा करते हैं। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।”
भारत माता की आत्मा को लहूलुहान किया: योगी आदित्यनाथ
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि- “राहुल गांधी ने अपने निंदनीय बयान से भारत माता की आत्मा को लहूलुहान करने का कार्य किया है। इसके लिए उन्हें दुनियाभर में फैले करोड़ों हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। हम लोग ये मानते थे कि हो सकता है कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी परिपक्व होंगे, मगर खेद होता है कि उनका बयान अभी बचकाने से उबर नहीं पाया है। एक अपरिपक्व बुद्धि का व्यक्ति ही इस प्रकार का बयान देगा।”