देवरिया। उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण सर्दी और घने कोहरे की चपेट में है। शनिवार की सुबह प्रदेश के कई जिलों में कोहरे और तेज गलन के साथ हुई। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही सर्द पछुआ हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया, जिससे शुक्रवार को दिन में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई। 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं है। जहां-जहां धूप निकली, वहां भी गलन कम नहीं हुई।
तापमान में और गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों से आ रही सर्द पछुआ हवाओं के कारण अगले तीन दिनों में प्रदेश भर में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान के लिहाज से बाराबंकी और हरदोई सबसे ठंडे रहे, जहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान के मामले में बरेली सबसे ठंडा रहा, जहां दिन का तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई जिलों में दृश्यता शून्य
घने कोहरे के चलते कानपुर, आगरा, गोरखपुर, अमेठी सहित कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता लगभग शून्य हो गई। इससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए तराई और पूर्वी-दक्षिणी यूपी के 34 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही लखनऊ समेत आठ जिलों में शीत दिवस की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी सहित आसपास के जिलों में शीत दिवस की संभावना है।
यूपी में स्कूल 5 जनवरी तक बंद
कड़ाके की ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले सोमवार से गुरुवार तक स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी, जबकि शुक्रवार को माध्यमिक विद्यालय खुले थे। मौसम की गंभीरता को देखते हुए अब छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव और बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में भी 5 जनवरी तक अवकाश के आदेश जारी किए हैं।
अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। साथ ही सभी रैन बसेरों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
