देवरिया। आईसीसी वर्ल्डकप 2023 में भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि का फायदा उनके गांव वालों को मिलने जा रहा है। दरअसल मोहम्मद शमी उत्तर प्रदेश के साहसपुर अलीनगर के रहने वाले हैं। शमी ने अपनी गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाया था, अब इसके फलस्वरूप राज्य सरकार उनके गांव में मिनी स्टेडियम की सौगात देने जा रही है। इस खबर से पूरे गांव में खुशी की लहर है।

सीएम के निर्देश पर जमीन की नाप का काम हुआ पूरा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने तुरंत मिनी स्टेडियम का काम शुरु करने के निर्देश दिए हैं। सीएम से मिले आदेश के बाद ही अमरोहा में जिला प्रशासन के अफसरों का जमावड़ा नजर आने लगा है। मिनी स्टेडियम के लिए जगह तय कर नाप जोख का काम भी कर लिया गया है। गांव में लगभग एक हजार हेक्टेयर में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। स्टेडियम बनान के पीछे उद्देश्य है कि गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी प्रैक्टिस कर खेल जगत में आगे बढ़ने देने का मौका देना है।

स्टेडियम के साथ बनेगा ओपन जिम

प्रदेश सरकार स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का हर संभव प्रयास कर रही है, इसके तहत हर गांव में स्टेडियम और खिलाड़ियों को दूसरी सुविधाएं देने की योजना बनाई है। शमी के गांव में तैयार होने वाले स्टेडियम का निर्माण भी इस योजना के तहत किया जाएगा। गांव-गांव में खेल के लिए मैदान तैयार किया जाएगा। अमरोहा में स्टेडियम के साथ-साथ ओपन जिम बनाने की भी योजना है। इस जिम में खिलाड़ी अभ्यास कर सकते हैं।

शमी की बदौलत फाइनल में पहुंची है टीम इंडिया
फाइनल में पहुंचने के लिए भारत, न्यूजीलैंड से भिड़ा था। जिसमें भारत को 70 रनों से जीत मिली थी। मैच में एक समय ऐसा भी था जहां न्यूजीलैंड का विकेट मिलना मुश्किल हो गया था और बल्लेबाज धीरे-धीरे कर लक्ष्य की तरफ बढ़ रहे थे। ऐसे समय में मोहम्मद शमी ने ही एक के बाद एक न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया और टीम इंडिया को जीत दिलाकर फाइनल तक पहुंचाया। इस मैच में मोहम्मद शमी ने 7 विकेट अपने नाम किए थे। मोहम्मद शमी ने वर्ल्डकप में 6 मैच खेलकर 23 विकेट लिए हैं।