देवरिया। उत्तर प्रदेश में अब किसी भी धार्मिक स्थल पर या सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में लाउड स्पीकर या किसी भी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र नहीं बजाया जा सकेगा। प्रदेश की योगी सकार ने सभी धार्मिक स्थानों पर लगे लाउडस्पीकर की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जहां भी अमानक आवाज पर लाउडस्पीकर चलते पाए जाएंगे उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान 22 दिसंबर तक पूरे प्रदेशभर में चलाए जाएंगे। अब तक की कार्रवाई सभी के सहयोग से शांतिपूर्वक पूरी हुई है।


मंदिर, मस्जिद समेत सभी धार्मिक स्थलों पर होगी जांच
योगी सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में लगे अवैध लाउडस्पीकर के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में एक महीने के अंदर सभी धार्मिक स्थलों में से ऐसे लाउडस्पीकर हटाए जाएंगे जो नियमों का उल्लंघन करते हुए या अवैध तरीके से लगाए गए हैं। इस क्रम में इबादतगाहों, मस्जिदों और हिंदू धर्मस्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की जांच की जाएगी। पहले ही दिन जांच में 3 हजार 238 लाउड स्पीकर अमानक पाए गए जिन्हें तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। इस अभियान के तहत सभी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर कार्रवाई होगी जो अमानक हैं और अवैध तरीके से ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं।


मानक डेसीबल में ही बजेंगे कोई भी ध्वनि विस्तारक यंत्र
राज्य सरकार के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय उत्तर प्रदेश के निर्देश में राज्य के सभी जनपद और कमिश्नरेट में वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में सुबह 5 बजे से 7 बजे तक सभी सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की गई। जहां पर भी मानक के विपरीत और निर्धारित डेसीबल सीमा से अधिक चल रहे लाउडस्पीकर पाए गए वहां पर कार्रवाई की गई। कुछ जगहों से लाउडस्पीकर उतारे जाने की भी कार्रवाई हुई।