देवरिया। साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिन दो सितारों की लव-स्टोरी चर्चा का हिस्सा रही, वह अब एक नए पड़ाव पर पहुंच चुकी है। नेशनल क्रश कही जाने वालीं रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने सगाई कर ली है। अब फैंस को उनकी शादी का इंतजार है, जो अगले साल यानी फरवरी 2026 में होने जा रही है।

विजय की टीम ने दी खबर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय देवरकोंडा की टीम ने मीडिया को इस सगाई की खबर दी है। हालांकि, अभी तक खुद रश्मिका या विजय ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं किया है। लेकिन, नजदीकी सूत्रों ने यह खुशखबरी पहले ही फैंस तक पहुंचा दी है। रश्मिका और विजय की दोस्ती की चर्चा साल 2018 से शुरु हुई। दोनों पहली बार फिल्म ‘गीता गोविंदम’ में साथ नजर आए थे। इसके बाद 2019 में रिलीज हुई ‘डियर कॉमरेड’ ने उनकी जोड़ी को और भी लोकप्रिय बना दिया। ऑन-स्क्रीन उनकी केमिस्ट्री जितनी हिट रही, ऑफ-स्क्रीन उनका रिश्ता भी उतना ही चर्चा में रहा।

कई बार साथ स्पॉट किए गए थे कपल

फैंस ने कई बार दोनों को एयरपोर्ट, इवेंट्स और छुट्टियों के दौरान एक साथ देखा। यहां तक कि कई बार उनकी सोशल मीडिया पोस्ट्स ने इस बात के संकेत दिए कि दोनों एक ही जगह पर समय बिता रहे हैं। इन सब वजहों से लगातार उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें उड़ती रहीं। हालांकि, दोनों हमेशा रिलेशनशिप के सवालों से बचते रहे।  साल 2024 में एक इंटरव्यू के दौरान दोनों ने ये तो साफ कर दिया था कि वे सिंगल नहीं हैं, लेकिन अपने पार्टनर का नाम बताने से परहेज किया। अब जब उनकी सगाई की खबर सामने आई है तो यह साफ हो गया कि वे दोनों काफी समय से एक-दूसरे के साथ हैं।

दोनों की आने वाली फिल्में

रश्मिका मंदाना हाल ही में फिल्म ‘कुबेरा’ में नजर आई थीं। आने वाले समय में वो दिवाली 2025 पर रिलीज होने वाली हॉरर-कॉमेडी ‘थामा’ में दिखाई देंगी। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और परेश रावल जैसे कलाकार भी होंगे। इसके अलावा रश्मिका ‘कॉकटेल 2’, ‘द गर्लफ्रेंड’ और ‘मायसा’ जैसी फिल्मों में भी दिखाई देने वाली हैं। वहीं विजय देवरकोंडा की हालिया फिल्म ‘किंगडम’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सत्यदेव और भाग्यश्री बोर्से ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। इसे सितारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमा ने प्रोड्यूस किया है।