देवरिया: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने एक संयुक्त कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाशिम मूसा भी शामिल है। सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को श्रीनगर के पास लिडवास और हरवान क्षेत्र के जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मुठभेड़ में हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान, अबू हमजा और यासिर को ढेर कर दिया गया।

पहलगाम हमले का लिया बदला

मारे गए तीनों आतंकी के रूप में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। इन आतंकियों के मारे जाने का इंतजार पूरे देश को था। करीब 97 दिन पहले हुए पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड हाशिम मूसा सेना के रडार पर था। सुरक्षा बलों ने उसे लिडवास में मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया। जबकी ऑपरेशन  को जारी रखा गया है और इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

खुफिया इनपुट पर कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, हरवान के मुलनार इलाके में दाचीगाम नेशनल पार्क के पास आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान दूर से गोलियों की आवाज सुनाई दी और फिर सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।