देवरिया। दिल्ली के सीएम हाउस में आप सांसद स्वाति मालिवाल से हुई मारपीट के मामले में आखिरकार गुरुवार को शिकायत दर्ज कर ली गई है। स्वाति मालिवाल ने करीब ढाई पेज की शिकायत पुलिस में दी है जिसमें उन्होंने उस दिन हुई पूरी घटना का विस्तार से विवरण दिया है। मामले में पुलिस ने गुरुवार को स्वाति मालिवाल के घर पहुंच कर उनसे 4 घंटे पूछताछ करके बयान दर्ज किया था। इसके बाद देर रात एफआईआर भी दर्ज कर ली गई थी।

स्वाति मालिवाल ने घटना के बारे में क्या बताया

स्वाति मालिवाल ने अपनी एफआईआर में बताया कि वह 13 मई को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर गई थीं। वहां विभव कुमार नहीं थे तो उन्होंने उनके मोबाइल पर मैसेज किया लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वो घर के अंदर चली गई। स्वाति ने कहा कि मैंने घर के स्टाफ को बताया कि वह सीएम को बताएं कि मैं मिलना चाहती हूं। इसके बाद मैं ड्रॉइंग रूम में बैठ गई। इसके बाद अचानक से विभव कुमार आए और बिना किसी उकसाहट के मुझे अपशब्द कहने लगे। मैं हैरान रह गई। मैंने उनसे कहा कि वह इस तरह बात न करें और सीएम को बुलाएं। स्वाति ने आरोप लगाया कि इसके बाद वह मुझसे अभद्र तरीके से बात करने लगे और फिर मेरे करीब आकर मुझे 7-8 थप्पड़ मारे। स्वाति ने कहा कि मैं दर्द से चीखती रही। मैंने बचने के लिए पैर से उन्हें धक्का दिया। उसके बाद उन्होंने मुक्का मारा, मुझे उन्होंने खींचा और मेरा सिर सेंटर टेबल पर दे मारा। मुझे बहुत दर्द हो रहा था क्योंकि मुझे पीरियड्स आए हुए थे। मैंने कहा मुझे जाने दो, मैं बहुत घबराई हुई थी। इसके बाद मैंने 112 पर कॉल किया।”

इस घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल

मामले में हर रोज कुछ ना कुछ नया मोड़ सामने आ रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसे स्वाति मालीवाल से हुई मारपीट वाली घटना से ही संबंधित बताया जा रहा है। वीडियो में स्वाति मालीवाल, बिभव कुमार और कुछ सुरक्षाकर्मी नजर आ रहे हैं। वीडियो में सुरक्षाकर्मी लगातार स्वाति मालीवाल को बाहर जाने को कह रहे हैं। इस बीच स्वाति मालिवाल की आवाज भी आ रही है जिसमें उन्होंने पुलिस को कॉल करने की बात कही है और बिभव कुमार के लिए भी कुछ आपत्तिजनक शब्द कहे हैं। इस वीडियो की पुष्टि अब तक नहीं हुई है लेकिन आप नेता आतिशी ने इसी वीडियो को लेकर कहा है कि इसे देखने के बाद साबित होता है कि स्वाति मालिवाल के द्वारा लगाए गए आरोप सरासर छूठ हैं।

वीडियो पर स्वाति ने किया ट्विट

सीएम हाउस से वीडियो वायरल होते ही इस मामले ने एक अलग मोड़ ले लिया है। वीडियो को लेकर स्वाति मालिवाल ने भी ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने लिखा- “हर बार की तरह इस बार भी इस राजनीतिक हिटमैन ने खुद को बचाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
अपने लोगों से ट्वीट्स करवाके, बिना संदर्भ का वीडियो चलाकर, इससे लगता है ये इस अपराध को अंजाम देके खुद को बचा लेगा। कोई किसी को पीटते हुए वीडियो बनाता है भला? घर के अंदर की और कमरे की CCTV फुटेज की जांच होते ही सत्य सबके सामने होगा।
जिस हद तक गिर सकता है गिर जा, भगवान सब देख रहा है। एक ना एक दिन सब की सच्चाई दुनिया के सामने आएगी।”

स्वाति ने पार्टी पर लगाए कई आरोप

मारपीट की घटना के लगभग 3 दिन चुप्पी साधने के बाद अब स्वाति मालिवाल और आप पार्टी, दोनों ही पक्षों से लगातार प्रतिक्रियाएं दी जा रही है। आप पार्टी और कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए स्वाति ने ट्वीट कर कहा- “पार्टी में कल के आए नेताओं से 20 साल पुरानी कार्यकर्ता को BJP का एजेंट बता दिया। दो दिन पहले पार्टी ने PC में सब सच क़बूल लिया था और आज U-Turn । ये गुंडा पार्टी को धमका रहा है, मैं अरेस्ट हुआ तो सारे राज़ खोलूंगा। इसलिए ही लखनऊ से लेकर हर जगह शरण में घूम रहा है। आज उसके दबाव में पार्टी ने हार मान ली और एक गुंडे को बचाने के लिए पूरी पार्टी से मेरे चरित्र पर सवाल उठाए गए। कोई बात नहीं, पूरे देश की महिलाओं के लिए अकेले ही लड़ती आई हूँ, अपने लिए भी लड़ूँगी। जमकर कैरैक्टर असैसीनैशन करो, वक़्त आने पर सब सच सामने आएगा!”

13 मई को स्वाति ने लगाए थे आरोप

मामला सोमवार यानी 13 मई का है जब सुबह दिल्ली पुलिस को फोन कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को स्वाति मालिवाल बताया और केजरीवाल के पीए के द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की। इस कॉल के कुछ देर बाद एक दूसरा कॉल आया और उसमें कहा गया कि सीएम केजरीवाल के कहने पर उनके पीए ने उनके साथ मारपीट की। फोन पर मिली शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस की टीम सीएम हाउस पहुंची तो स्वाति मालीवाल ने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई है। लेकिन स्वाति मालीवाल ने ना तो अपना मेडिकल कराया था और ना ही अब तक किसी तरह की कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस की पूछताछ के बाद स्वाति ने गुरुवार को एफआईआर कराई।

14 मई को आप सांसद संजय सिंह ने की थी कार्रवाई की बात

घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी अरविंद केजरीवाल या किसी भी आप के नेता ने कुछ नहीं कहा था। लेकिन मंगलवर को आप सांसद संजय सिंह ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संजय सिंह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मारपीट होने की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा- “13 मई को बहुत ही निंदनीय घटना घटित हुई। सुबह अरविंद केजरीवाल से मिलने स्वाति मालीवाल उनके आवास पर पहुंची थीं। ड्रॉइंग रूम में केजरीवाल का इंतजार कर रही थीं। इस बीच मुख्यमंत्री के पीए बिभव कुमार वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्रता और बदतमीजी की।” उन्होंने कहा था कि मामले को सीएम अरविंद केजरीवाल ने उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद संजय सिंह ने बुधवार को स्वाति मालिवाल के आवास पर उनसे मुलाकात भी की थी।

16 मई को दिल्ली पुलिस की टीम स्वाति मालिवाल के घर पहुंची

इस मामले में गुरुवार को दिल्ली पुलिस की एक टीम स्वाति मालीवाल के घर पहुंची थी। पुलिस टीम में स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी और एडिशनल डीसीपी शामिल थे। पुलिस की टीम इस मामले में स्वाति लंबी पूछताछ की। जिसके बाद स्वाति ने देर रात पुलिस को ढाई पन्ने की लिखित शिकायत की। 16 मई की रात ही पहली बार खुद के साथ बुरा होने का जिक्र एक्स पर किया। 16 मई की रात ही बिभव कुमार पर केस दर्ज कर लिया गया था।