देवरिया। प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ 2025 के लिए योगी सरकार ने हर तरह से तैयारी की जा रही हैं। रहने, सुरक्षा, स्नान आदि की व्यवस्थाओं के बीच योगी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी श्रद्धालु या कल्पवासी भूखा न सोए। मेला क्षेत्र में भंडारों के आयोजन के साथ-साथ मुफ्त राशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
राशन कार्ड और मुफ्त राशन सुविधा
महाकुंभ में लंबे समय तक रुकने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों के लिए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। जो लोग पहले से राशन कार्ड धारक हैं, उन्हें भी राशन कार्ड दिखाने पर राशन मिलेगा। इस योजना के तहत, पूरे मेला क्षेत्र में कुल 160 उचित दर वाली राशन की दुकानें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा, राशन भंडारण के लिए 5 गोडाउन भी बनाए जाएंगे। इस योजना पर लगभग 43 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
कल्पवासियों के लिए विशेष योजना
स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक महाकुंभ में आने वाले कल्पवासी कई दिनों तक मेला क्षेत्र में प्रवास करते हैं और अपना भोजन स्वयं बनाते हैं। इन्हीं की सुविधा के लिए खाद्य एवं रसद विभाग ने विशेष तैयारी की है। राशन की दुकानों पर कल्पवासियों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे और उन्हें गेहूं, चावल, चीनी, मिट्टी का तेल और एलपीजी गैस जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कितना राशन मिलेगा?
इस योजना के अंतर्गत प्रति व्यक्ति 3 किलो गेहूं का आटा, 2 किलो फोर्टिफाई चावल और 2 किलो चीनी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रति राशन कार्ड धारक को 2 लीटर मिट्टी का तेल और एक डोमेस्टिक गैस कनेक्शन भी देने की योजना है। LPG को एक बार रीफिल कराने की भी सुविधा मिलेगी।
LPG के लिए होंगे अलग आउटलेट्स
इतना ही नहीं कल्पवासियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री के लिए अलग से आउटलेट्स बनाए जाएंगे। इन आउटलेट्स से रसोई गैस की आपूर्ति की जाएगी ताकि श्रद्धालु आसानी से अपने भोजन की व्यवस्था कर सकें।
लाखों की संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु
महाकुंभ के दौरान लगभग 10 लाख स्थायी आबादी के साथ-साथ रोजाना आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भी भंडारों की व्यवस्था की जाएगी। एक अनुमान के मुताबिक लगभग 2 लाख राशन कार्ड की जरूरत पड़ेगी, जिससे रोजाना लाखों लोगों को राशन और दूसरी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।