देवरिया। केंद्र सरकार ने 18 सितंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसी सेशन में संसद की नई बिल्डिंग का उद्घाटन भी होगा।। विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक चलेगा। सेशन का पहला दिन पुराने भवन में ही लगाया जाएगा, उसके बाद 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ दिन से सत्र नए भवन में चलेगा। पहले दिन पुराने संसद भवन में लिए गए प्रमुख फैसलों, बड़े नेताओं और उनके महान कार्यों को याद किया जाएगा। साथ ही नई संसद के निर्माण की कहानी, संसद के इतिहास और नए संसद भवन की आवश्यकता पर एक फिल्म भी दिखाई जाएगी।

मानसून सत्र के नए भवन में लगने की थी उम्मीद

संसद के नव निर्मित भवन का उद्घाटन इस साल 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीने किया था। नई इमारत भी प्रकार की नई टेक्नॉलॉजी और सुविधाओं से लैस है। यह नया भवन पुरानी बिल्डिंग से क्षमता में भी बड़ा है। संसद के मानसून सत्र के ऐलान के बाद, सेशन के नए भवन में लगने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नए भवन में केवल बैठक हुई। हमारी परंपरा में हर नए काम की शुरुआत गणेश जी की पूजा के साथ होती है इसलिए, नए भवन की औपचारिक शुरुआत के लिए गणेश चतुर्थी के दिन को चुना गया है।

नए भवन में नए बिल पेश होने की संभावना
विशेष सत्र के ऐलान के साथ ही ‘वन नेशन, वन इलेक्श’ बिल की भी चर्चा तेज हो गई है। वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए समिति गठित होने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि विशेष सत्र में इससे संबंधित बिल भी पेश किया जा सकता है। हालांकी अब तक सरकार की तरफ से किसी प्रकार का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। इसके साथ ही विशेष सत्र में चंद्रयान-3 और G20 की सफलता पर भी प्रस्ताव पेश किया जायेगा।