देवरिया: दीपावली का त्योहार हिंदू धर्म का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इसकी तैयारी महीनों पहले से होने लगती है। घरों की साफ-सफाई, रंग रोगन, परिवार के लिए नए कपड़ों के साथ ही स्वादिष्ठ मिठाइयां और नाश्ते भी तैयार किए जाते हैं। यहां पर हम आपको कुछ ऐसी मिठाइयां भी बता रहे हैं, जिन्हें आप गुड़ से बना सकते हैं ये खाने में भी स्वादिष्ट होंगी और स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद रहेंगी।


तिल-गुड़ की बर्फी

सामग्री- तिल, गुड़, बादाम कटे हुए, घी, इलायची कुटी हुई
तिल-गुड़ की बर्फी बनाने की विधि
तिल गुड़ की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले तिल को कड़ाही में भून लें। उसके बाद एक कड़ाही में घी डालिए और गर्म होने पर उसमें गुड़ क्रश करके डाल दीजिए, फिर इसमें एक चौथाई कप पानी मिला दें। इस मिश्रण को तब तक पकने दें जब तक की गुड़ पानी के साथ पूरी तरह से न घुल जाए। अब भूनी हुई तिल को मिक्सर ग्राइंडर की मदद से पीस लें। ध्यान रहे कि इसे बारीक पीसने के बजाय दरदार पीसना है। इसके बाद पिसे हुए तिल को गुड़ की तैयार चाशनी में डाल लें। अब गैस की फ्लेम धीमी रखते हुए इस मिश्रण को अच्छी तरह से मिलाइए। इसे तब तक पकाना है जब तक कि चाशनी में तिल अच्छी तरह से मिक्स न हो जाए। अब इसमें इलायची पाउडर भी मिक्स कर लें और थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाते रहिए। पेस्ट अच्छा गाढ़ा हो जाए तो इसे एक थाली या ट्रे में घी लगाकर जमा दीजिए और करीब 2 घंटे तक जमने दें। जब मिश्रण अच्छी तरह से ठंडा हो जाए तो उसे मनचाहे आकार में काट लें। गुड़ की हेल्दी बर्फी तैयार है।


गुड़ और नारियल की बर्फी
सामग्री- गुड़, नारियल, घी, इलायची
विधि- गुड़ और नारियल की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले आप नारियल को कद्दूकस कर लें।अब हल्की आंच पर नॉन-स्टिक पैन रखें और 2 चम्मच घी डालकर कद्दूकस किया हुआ नारियल भून लें। जब नारियल से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और इसे एक बाउल में निकाल लें। अब पैन में 2 चम्मच घी डालें और गुड़ के टुकड़े करके डाल दें। गुड़ को लगातार चलाते रहें ताकि यह नीचे ना लगे। अब इसमें इलायची डालें और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे लगभग 5 मिनट तक पकाने के बाद एक ट्रे में घी लगाकर उसमें डाल दें और अच्छी तरह से समतल कर दें। जमने के बाद समान आकार में काट लें। ठंडा होने पर ट्रे से अलग कर लें। इसे आप लंबे समय तक स्टोर करके भी रख सकते हैं।

मूंगदाल और गेहूं आटे की मठरी

सामग्री- एक कप गेहूं का आटा, ¼ कप भीगी हुई मूंग दाल, नमक स्वादानुसार, ¼ चम्मच आजवायन, 1 चुटकी हिंग, 2-3 चम्मच मोयन के लिए घी, तलने के लिए तेल
विधि- एक बाउल में गेहूं का आटा ले लें और उसमें भीगे हुए मूंग दाल, हींग, नमक, मोयन और आजवायन को हाथों से हल्का क्रश करके अच्छी तरह मिला लें, इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर डो बना लें। ध्यान रहें आपके डो ना ज्यादा कड़ा हो और ना ज्यादा नरम। अब तैयार डो की छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर बेल लें और मीडियम फ्लेम पर अच्छी तरह तल लें। आपकी कुरकरी मठरी तैयार है।

आलू चकली

सामाग्री- दो मीडियम साइज के दो उबले हुए आलू, 2 कप चावल का आटा, 1 कप बेसन, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच मिर्च पावडर, आधा चम्मच जारी, आधा चम्मच कसूरी मेथी, नमक स्वादानुसार, बटर या घी 1 चम्मच, तलने के लिए तेल
विधि- सबसे पहले उबले हुए आलू का पेस्ट बना लें और अलग रख लें। अब एक बाउल में चावल का आटा, बेसन, नमक, जीरा, कसूरी मेथी, मिर्च पावडर, नमक और बटर या घी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब उसमें आलू का पेस्ट डालकर अच्छी तरह मैश करें। उसके बाद जरूरत के हिसाब से पानी डालकर सॉफ्ट डो तैयार कर लें। तैयार डो को स्टार शेप के सांचे में भरकर तेल में तल लें। क्रिस्पी और टेस्टी चकली तैयार हैं।