देवरिया। मध्य प्रदेश में सोमवार को उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव को मुख्यमंत्री घोषित किया गया है। जिसके बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने अपन इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। इस दौरान शिवराज सिंह काफी भावुक नजर आए। शिवराज सिंह मध्यप्रदेश में लगातार 5 बार सीएम रह चुके हैं। इतने लंबे समय से सीएम का पद संभालने के बाद इस्तीफा देना उनके समर्थकों के लिए काफी निराशाजनक रहा।
शिवराज सिंह ने कही ये बड़ी बात
सोमवार को मोहन यादव को सीएम घोषित किए जाने के बाद मंगलवार को सीएम शिवराज सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी बात कही। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि- “एक बात मैं बड़ी विनम्रता के साथ कहता हूं कि अपने लिए कुछ मांगने जाने से पहले मैं मरना बेहतर समझूंगा। इसलिए मैंने कहा था मैं दिल्ली नहीं जाउंगा।”
“मोहन यादव पर पूरा विश्वास, मेरे मन में संतोष का भाव है”
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि- “मुझे पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जो तेजी से काम चल रहे हैं, उन्हें पूरा करेगी। लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करेगी और प्रगति और विकास की दृष्टि से मध्य प्रदेश नई ऊंचाइयां छुएगा। मैं सदैव उनको सहयोग करता रहूंगा। लेकिन आज मेरे मन में एक संतोष का भाव है।”
शिवराज सिंह से गले लग कर रोई महिलाएं
शिवराज सिंह प्रदेश की जनता के लाड़ले सीएम रहे हैं। महिलाओं उन्हें भैया कहकर पुकारती हैं और बच्चे उन्हें शिवराज मामा कहते हैं। प्रदेश में बीजेपी की इस बड़ी जीत के पीछे प्रदेश की महिलाओं के वोट का बड़ा प्रतिशत है। शिवराज सिंह के सीएम नहीं बनने से उनके समर्थकों के साथ-साथ महिलाओं में भी काफी निराशा है। सोशल मीडिया एप एक्स पर शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय से एक वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियों में महिलाएं शिवराज सिंह से गले लगकर फूट-फूटकर रो रही हैं। उनमें से एक महिला कह रही है- “आप सबके चहेते हो, हम आपको नहीं छोड़ सकते। बहनों ने आपको चुना था आपको वोट दिया था”। वीडियों में शिवराज भी भावुक नजर आ रहे हैं उन्होंने महिलाओं से कहा- “मैं आप लोगों को छोड़ कर कहीं नहीं जाउंगा”। ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।