देवरिया : बीसीसीआई के सभी पदों के लिए मुंबई में 18 अक्टूबर को चुनाव होना है। वर्तमान बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली बोर्ड से विदाई ले सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भारत के पूर्व ऑलराउंडर और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे हैं। वह सौरव गांगुली की जगह ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार बीसीसीआई सचिव जय शाह भी अध्यक्ष बनने की दौड़ में नहीं हैं, लेकिन वे सचिव के पद के लिए चुनाव लड़ेंगे।
बीसीसीआई के चुनाव अध्यक्ष पद, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए होंगे। चुनाव लड़ने के लिए इन पदों पर 11 और 12 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल करना है। इसके बाद 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 14 अक्टूबर तक नामांकन वापस ले सकते हैं। दो से अधिक दावेदार होने पर 18 अक्टूबर को मतदान होगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रोजर बिन्नी के बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में गांगुली की जगह लेने की उम्मीद है। भारत के क्रिकेट संचालन निकाय में चुनाव से पहले उनका नाम बीसीसीआई के ड्राफ्ट मतदाता सूची में रखा गया है।
ये भी पढ़ें : तीसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 49 रन से हराया, रोहित के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
