देवरिया। बारिश के मौसम में जब बात होती है खाने की तो सबसे पहले नाम आता है पकोड़ों का। भारतीयों को अच्छा खाना खाने का बहाना चाहिए होता है और बारिश का मौसम पकोड़े खाने का बहाना होता है। शाम के नाश्ते में पकोड़ों की इन अलग-अलग रेसिपीज को ट्राई करें और इन्हें गरमा-गरम चाय के साथ सर्व करें, बारिश का मजा दोगुना हो जाएगा।

प्याज के पकोड़े
सामग्री- बेसन, सूजी, दो मीडियम साइज के प्याज, अदरक-लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट, आजवाइन, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर और नमक
विधि-प्याज को लच्छेदार या लंबाई में काट लें। प्याज कटिंग में जितना लंबा होगा पकोड़े उतने ही अच्छे बनेंगे। अब प्याज में बेसन, सूजी और सारी सामग्री डाल लें। ध्यान रहे प्याज की मात्रा बेसन से ज्यादा हो। बेसन उतना ही डाले जितने में प्याज के लच्छे बेसन से लिपट जाएं। सूजी कम मात्रा में डालें। सूजी डालने से पकोड़े क्रिस्पी बनते हैं। जब सारी सामग्री में नमक डलेगा तब प्याज पानी छोड़ेगा और बेसन प्याज से लपेटता जाएगा। अगर जरूरत पड़े तो पानी के हल्के छीटें मारकर पकोड़े का बैटर तैयार कर लें। अब तेल गरम करके प्याज के लच्छों को उसमें डालते जाएं। क्रिस्पी और चटपटे प्याजी पकोड़े तैयार हैं।

बैंगन के पकोड़े
सामग्री-बड़े साइज के बैंगन, टमाटर, धनिया, मिर्च, लहसुन, बेसन, हल्दी, नमक, तलने के लिए तेल
विधि-सबसे पहले बैगन को गोल काट लें और हल्का नमक लगाकर अलग रख दें। घोल तैयार करने के लिए बेसन में हल्दी-नमक और हल्का खाने का सोडा डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें। अब टमाटर, मिर्च, धनिया और लहसुन की चटनी पीस लें। चाहें तो टमाटर की चटनी में सरसों से तड़का लगा लें। अब बैंगन के दो स्लाइस के बीच में टमाटर की चटनी लगाकर चिपका लें और फिर उसे बेसन के घोल में डूबोकर तेल में तल लें। ये पकोड़े बनाने में जितने आसान हैं खाने में उतने ही स्वादिष्ट।

आलू के पकोड़े
सामग्री-मीडियम साइज के आलू, बेसन, हल्दी, नमक, अदरक, लहसुन, हरा धनिया और मिर्च का पेस्ट, तलने के लिए तेल।
विधि- सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर छील लें और उसके गोल-गोल स्लाइस कर लें। बेसन का घोल बनाने के लिए उसमें सारी सामाग्री मिलाएं और गाढ़ा घोल बना लें। अब आलू के स्लाइस को घोल में डुबोकर तेल में मीडियम आंच में तलते जाएं। बेसन में लिपटे आलू के पकोड़ों का स्वाद बहुत स्वादिष्ट होता है। धनिए की हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गरमा-गरम सर्व करें।

मिर्च पकोड़ा
सामाग्री- बड़े साइज की मिर्ची, नमक, अमचूर पावडर, बेसन, हल्दी, खाने का सोडा और तेल
विधि- सबसे पहले मिर्च को बीच से चीर कर उसके सारे बीज निकाल लें। अब मिर्च में अमचूर पावडर और नमक को मिक्स कर भर लें। आप चाहें तो मिर्च पकोड़े के भरावन के लिए भुने हुए बेसन, या आलू के मसाले का भी उपयोग कर सकते हैं। अब तैयार मिर्च को बेसन के घोल में डूबोकर तेल में तल लें। मिर्च के पकोड़े इमली की चटनी के साथ सर्व करें।