देवरिया। राम भक्तों का इंतजार अब कुछ महीनों में ही खत्म होने वाला है। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में जनवरी के महीने में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। मंदिर का भूतल लगभग तैयार है केवल फिनीशिंग का काम बाकी है, साल के अंत तक प्रथम तल के भी पूरे होने की संभावना है। इसके बाद जनवरी 2024 में प्रभु श्री राम के बाल रूप की प्रतिमा को गर्भगृह में विराजित भी करा दिया जाएगा।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा गया न्योता
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए श्रीराम जन्मभूमी तीर्थ ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्योता भेज दिया है। प्रधानमंत्री से प्राण प्रतिष्ठा के लिए 15 से 24 जनवरी के बीच का समय मांगा गया है। राम मंदिर निर्माण समिति की हुई बैठक के बाद महासचिव चंपत राय ने जानकारी दी कि पीएम से समय मांगा और प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा किसमारोह में प्रधानमंत्री के शामिल होने से पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ेगा।


तैयारियों में जुटा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र
मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और साथ-साथ श्रीराम मंदिर तीर्थ ट्रस्ट प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों में लगा हुआ है। राम मंदिर पूरे भारतवासियों के लिए बहु प्रतिक्षित निर्माण है। ऐसे में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। सोमवार को समिति ने समारोह को लेकर रूपरेखा तैयार करने के लिए बैठक की। बैठक की तैयारियों पर बैठक में करीब 3 घंटे चर्चा हुई। तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने के बाद समिति के सभी सदस्यों में काम का विभाजन कर सभी से अपना दायित्व अच्छी तरह से निभाने का आग्रह किया गया है।


पूरे देश में होगा प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव
राम मंदिर के बनने के लिए पूरे देश ने सालों इंतजार किया है। मंदिर के निर्माण में पूरा देश ने तन मन धन से सहयोग कर रहा है। ऐसे में जिस दिन रामलला की प्रतिमा को मंदिर में विराजित किया जाएगा उस दिन सिर्फ अयोध्या में ही उत्सव नहीं होगा बल्की देश के हर एक गांव और शहर के मंदिर में उत्सव मनाया जाएगा। ट्रस्ट ने बैठक में तय किया है कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बैनर, पोस्टर और होर्डिंग पूरे देश में लगाए जाएंगे। इन पोस्टर और बैनर्स को ट्रस्ट के द्वारा तैयार कराया जा रहा है बाद में इसे देशभर में बांटा जाएगा। समारोह की तैयारियों के लिए समिति हर 15 दिन में बैठक कर रहा है।


मंदिर निर्माण निर्विघ्न हो इसके लिए हो रहे अनुष्ठान
राम मंदिर समिति के अध्यक्ष चंपत राय ने बताया की मंदिर का निर्माण बिना किसी बाधा के पूरा हो जाए इसके लिए कई अनुष्ठान किए जा रहे हैं। जब से मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है तब से ये अनुष्ठान भी चल रहे हैं। तीर्थ क्षेत्र भवन रामकोट में ऋग्वेद, सामवेद, कृष्ण यजुर्वेद, शुक्ल यजुर्वेद के मंत्रों की आहुतियां चल रही हैं। वाल्मीकि रामायण और श्रीमद्भागवत का भी पाठ चल रहा है। काशी के वेद विद्वान और महाराष्ट्र के वैदिक आचार्य अलग-अलग अनुष्ठान कर रहे हैं।