देवरिया। अयोध्या में तैयार हो रहे राम मंदिर के गर्भगृह का काम अपने अंतिम चरण में है, अब राम लला की प्राणप्रतिष्ठा की तारीख भी तय हो चुकी है। नए साल में 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। ऐसे में सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा ही हैं। मंदिर से जुड़ी जानकारी भी बीच-बीच में सोशल मीडिया के जरिए साझा की जाती है। इसी बीच राम लला के आसन से जुड़ी खबर सामने आ रही है। लंबे इंतजार के बाद राम लला अपने स्थान पर विराजित होने वाले हैं इसलिए उनका सिंहासन भी बेहद खास होने वाला है। आइए जानते हैं कैसा होगा राम लला का आसन और क्या होगी उसकी खासियत।
सोने से जड़ा 8 फीट ऊंचा होगा सिंहासन
मिली जानकारी के अनुसार राम लला को जिस आसन में विराजित कराया जाएगा वो बहुत खास होने वाला है। सिंहसान की ऊंचाई 8 फीट होने वाली है। इसे राजस्थान के खास संगमरमर से तैयार करके ऊपर से सोने की चादर चढ़ाई जाएगी। यह सिंहासन राजस्थान के कारीगर तैयार कर रहे हैं। जनवरी में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए सिंहासन को तैयार कर दिसंबर तक अयोध्या पहुंचा दिया जाएगा।
मंदिर को दान में मिली है सोने-चांद की वस्तुएं
श्री राम जन्मूभूमि तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए भक्तों की तरफ से बहुत बड़ी मात्रा में सोने और चांदी की अलग-अलग वस्तुएं, सिक्के और ईंट का दान किया गया है। इनमें से कुछ का उपयोग मंदिर निर्माण में किया जाएगा। बची हुई कीमती दान की वस्तुओं को सुरक्षित रखना काफी मुश्किल है इसलिए सोने और चांदी की वस्तुओं को पिघलाकर रखा जाएगा। निर्माण से जुड़ी जानकारी के अनुसार मंदिर का भूतल 15 दिसंबर तक हर हाल में तैयार कर लिया जाएगा और प्रथम तल का काम भी 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है। परिक्रमा मार्ग के फर्श का काम भी पूरा हो चुका है, अब गृह मंडप के फर्श पर संगमरमर बिछाने का काम चल रहा है। मंदिर में चारों तरफ से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। मंदिर पूरी तरह से सुरक्षा गार्ड्स और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा।