देवरिया। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए हुए चुनाव में जमकर सियासी उठा-पटक देखने को मिली। 10 सीटों के लिए भाजपा की तरफ से प्रत्याशी बने सभी 8 लोगों ने चुनाव जीत लिए हैं, जबकी सपा के केवल दो उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए जीत दर्ज की। मंगलवार को सुबह मतदान शुरु होते ही कई बार हंगामा हुआ। क्रॉस वोटिंग से पूरे मतदान की प्रक्रिया में दिनभर उठापटक मची रही। साधना सिंह, जया बच्चन फिर राज्यसभा पहुंची। सुधांशु त्रिवेदी भी भाजपा की तरफ से राज्यसभा पहुंचे।
सपा विधायकों में हुई क्रॉस वोटिंग
राज्यसभा सदस्यों के लिए हुए मतदान में सपा की तरफ से क्रॉस वोटिंग हुई। क्रॉस वोटिंग की वजह से ही सपा के तीसरे कैंडिडेट आलोक रंजन को हार का सामना करना पड़ा जबकि जया बच्चन और लालजी सुमन को जीत मिली है। सपा के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए बीजेपी के कैंडिडेट संजय सेठ को जिताया। वहीं एनडीए के दो विधायकों के भी क्रॉस वोटिंग करने की बात सामने आ रही है।
मतगणना के दौरान भी हुआ हंगामा
क्रॉस वोटिंग और आरोप प्रत्यारोप के बीच मतदान पूरा होने के बाद जब मतगणना शुरू हुई तो सपा और सुभासपा ने आरोप लगाते हुए मतगणना में व्यवधान डाला। सुभासपा का आरोप था कि उनके विधायकों ने बिना दिखाए मतदान किया है। इसके चलते मतगणना कुछ देर के लिए रोकी गई और उसके बाद फिर से मतगणना की प्रक्रिया शुरु हुई। मतदान के बाद जैसा कि सबको उम्मीद थी भाजपा के सभी 8 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। सपा के विधायकों में हुई क्रॉस वोटिंग से बीजेपी को सीधा-सीधा फायदा पहुंचा।
यहां देखिए किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले-
सुधांशु त्रिवेदी- 38 वोट
आरपीएन सिंह- 37
तेजवीर सिंह- 38 वोट
नवीन जैन- 38 वोट
रामजी लाल- 37 वोट
साधना सिंह- 38 वोट
संगीता बलवंत – 38 वोट
अमरपाल मौर्य- 38 वोट
लालजी सुमन- 40 वोट
जया बच्चन- 41 वोट
आलोक रंजन- 19 वोट
सपा से सचेतक रहे मनोज पांडेय, विधायक मुकेश वर्मा, पूजा पाल, राकेश पांडेय, विनोद चतुर्वेदी, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह, इन सभी ने क्रॉस वोटिंग कर बीजेपी को अपना वोट दिया।