देवरिया। राहुल द्रविड़ के चाहने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के हेड कोच के पद पर बने रहेंगे। आईसीसी विश्व कप 2023 के खत्म होने के साथ ही उनका हेड कोच बने रहने का कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो गया था। लेकिन बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ को ही टीम इंडिया के कौच के तौर पर आगे भी बने रहने का फैसला लिया है। बीसीसीआई ने यह फैसला सभी सदस्यों से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से लिया है।

राहुल द्रविड़ से भी हुई चर्चा

कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने पर बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ से भी कई बिंदुओं पर चर्चा की। राहुल द्रविड़ अपने समय के एक अनुभवी खिलाड़ी रह चुके हैं। उनके निर्देशन में टीम इंडिया ने बॉलिंग और बैटिंग दोनों में ही बेहतरीन उपलब्धि हासिल की है। वर्ल्डकप के दौरान भी भारतीय खिलाड़ियों ने हर तरह की पिच और हर टीम के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था। द्रविड़ के साथ ही टीम इंडिया के सहयोगी स्टाफ के लिए भी कॉन्ट्रैक्ट को आगे बढ़ाया गया है।

अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने क्या कहा

बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा कि- “राहुल द्रविड़ की दूरदर्शिता की वजह से टीम इंडिया ने कई सफलता हासिल की हैं। उनकी दूरदर्शिता, व्यावसायिकता और दृढ़ प्रयास टीम इंडिया की सफलता में महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में, आप हमेशा सबसे ज्यादा जांच के दायरे में रहते हैं और मैं इसका विस्तार करता हूं। मुझे खुशी है कि उन्होंने मुख्य कोच बने रहने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है, यह आपसी सम्मान की बात है।”

राहुल द्रविड़ ने जाहिर की खुशी

हेड कोच के रूप में विस्तार मिलने के बाद राहुल द्रविड़ ने कहा- “मैं बीसीसीआई और पदाधिकारियों को मुझ पर भरोसा रखने, मेरे दृष्टिकोण का समर्थन करने और इस अवधि के दौरान समर्थन प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं। कोचिंग की वजह से मुझे अपने परिवारवालों से दूर रहना पड़ता है। मैं अपने परिवार के त्याग और समर्थन की गहराई से सराहना करता हूं।”