देवरिया। राष्ट्रपति भवन देश के सबसे महत्वपूर्ण भवनों में से एक है क्योंकि यह राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास होता है। राष्ट्रपति भवन में कुछ ऐसा होने वाला है जो इससे पहले कभी नहीं हुआ है। दरअसल, राष्ट्रपति भवन में पहली बार शहनाई गूंजने वाली है। आइए जानते हैं कौन है वो जिसकी शादी राष्ट्रपति भवन में होने जा रही है और कैसे राष्ट्रपति ने इसकी अनुमति दे दी।
राष्ट्रपति की PSO को होगी शादी
राष्ट्रपति भवन में होने जा रही यह शादी राष्ट्रपति के किसी रिश्तेदार की नहीं बल्कि उनकी पीएसओ पूनम गुप्ता की है। पूनम CRPF की असिस्टेंड कमांडेंट हैं और राष्ट्रपति के पीएसओ के रूप में तैनात हैं। पूनम की शादी CRPF के ही असिस्टेंट कमांडेंट अवनीश तिवारी से होने जा रही है। अवनीश वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। यह शादी 12 फरवरी को बेहद ही करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में संपन्न कराई जाएगी। राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा को देखते हुए दोनों पक्ष से चुनिंदा लोगों को ही आमंत्रित किया गया है।
कैसे मिली राष्ट्रपति भवन में शादी की अनुमति?
पूनम राष्ट्रपति की पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर काम कर रही हैं। राष्ट्रपति कहीं भी जाएं वो साय की तरह उनकी सुरक्षा में तैनात रहती हैं। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान भी वो चर्चा में आई थीं। पूनम का अपने काम के लिए समर्पण और कड़ा डिसिप्लिन राष्ट्रपति को प्रभावित करता रहा है। यही कारण है कि राष्ट्रपति ने पूनम की शादी राष्ट्रपति भवन में कराए जाने के लिए अनुमति दी है। शादी 12 फरवरी को राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी।
दुल्हे का देवरिया (उत्तर प्रदेश) से है कनेक्शन
पूनम जिनसे शादी कर रही हैं वो भी CRPF में असिस्टेंट कमांडेट के पद पर हैं। होने वाले दूल्हे का नाम अवनीश तिवारी हैं। वो उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपार रानी इलाके के बड़का गांव के रहने वाले हैं। अवनीश के पिता का नाम अनिल तिवारी है। अवनीश वर्तमान में जम्मू कश्मीर में तैनात हैं। शादी के लिए दोनों पक्ष के बेहद करीबी लोग ही शामिल होंगे। शादी की तारीख पास आने के कारण अब रिश्तेदार दिल्ली पहुंचने लगे हैं।
मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं पूनम गुप्ता
आपको बता दें पूनम गुप्ता मध्यप्रदेश के शिवपुरी की रहने वाली हैं उनके पिता का नाम रघुवीर गुप्ता है। पूनम ने नवोदय विद्यालय से स्कूल की पढ़ाई की है। स्कूलिंग के बाद उन्होंने मैथमेटिक्स में बैचलर और इंग्लिश लिट्रेचर में पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा किया। उसके बाद उन्होंने 2018 में UPSC CAPF की परीक्षा पास की थी जिनमें उन्हें 81वीं रैंक मिली थी । पूनम बिहार के नक्सल प्रभावित इलाकों में CRPF की असिस्टेंड कमांडेंट रही चुकी हैं।